सत्य की गूंज(ब्यूरो)
हरिद्वार/देहरादून। उत्तराखंड की संस्कृति और प्रकृति संरक्षण के प्रतीक लोकपर्व ‘हरेला-2026’ के पावन अवसर पर हरिद्वार वन विभाग द्वारा ‘नगर वन, देवपुरा’ में एक भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे प्रदेश के कैबिनेट व हरिद्वार जनपद के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय, प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी दिलाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि लोक पर्व “हरेला” केवल एक त्योहार नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति हमारी अगाध आस्था, कृतज्ञता और संरक्षण के अटूट संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “यह पर्व हमें सिखाता है कि जैसे हम एक बीज को बोकर या एक पौधे को रोपित कर उसकी निरंतर देखभाल से उसे वृक्ष बनाते हैं, ठीक वैसे ही हमें अपने समाज और अपनी आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को भी संस्कारों से सींचना है।
प्रभारी मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैश्विक आह्वान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि इस अभियान और उत्तराखंड की इस पावन लोक-परंपरा के मेल से राज्य को और अधिक हरित व समृद्ध बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति में प्रकृति को सदैव पूजनीय माना गया है। वृक्ष, नदियाँ, पर्वत और वन हमारे जीवन के मूल आधार हैं। यदि प्रकृति सुरक्षित रहेगी, तभी मानव जीवन सुरक्षित और समृद्ध रह पाएगा। जलवायु परिवर्तन, बढ़ता प्रदूषण और घटते वन क्षेत्र जैसी वैश्विक चुनौतियों से निपटने में हरेला जैसे जन-जागरूकता अभियान मील का पत्थर साबित होंगे।हरिद्वार को स्वच्छ और हराभरा रखना हम सबकी जिम्मेदारीभारतीय वृक्ष न्यास (Tree Trust of India) के इस विशेष अभियान में बोलते हुए श्री महाराज ने कहा कि हरिद्वार आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक दृष्टि से वैश्विक पटल पर विशेष आकर्षण का केंद्र है। यहाँ आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु और पर्यटक स्वच्छ वातावरण, हरियाली और प्राकृतिक सौंदर्य की चाह रखता है। ऐसे में हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि हम अपने पर्यावरण को स्वच्छ और हराभरा बनाए रखें। उन्होंने आह्वान किया कि प्रत्येक परिवार प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसके जीवित रहने तक उसकी देखभाल का जिम्मा उठाए।
’नगर वन, देवपुरा’ में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में शासन, प्रशासन और राजनीति से जुड़े कई वरिष्ठ चेहरे मौजूद रहे,
जिनमें मुख्य रूप से श्रीमती किरण (मेयर, हरिद्वार) डॉ. जयपाल चौहान (मा0 राज्य मंत्री) एवं ओम प्रकाश रविन्द्रपुरी (अध्यक्ष, अखाड़ा परिषद) आनन्द स्वरूप (गढ़वाल कमिश्नर) मयूर दीक्षित (जिलाधिकारी, हरिद्वार) अनिरुद्ध (डीएफओ – DFO) एवं जितेन्द्र (एडीएम – ADM) आशुतोष शर्मा (भाजपा जिलाध्यक्ष), लव शर्मा (जिला उपाध्यक्ष) व आशु चौधरी, विक्रम खुल्ला (प्रदेश उपाध्यक्ष, भाजपा युवा मोर्चा) जगदीश लाल पाहवा, प्रमोद शर्मा सहित वन विभाग के कर्मचारी व स्थानीय नागरिक शामिल थे।