विजय बहुगुणा /सत्य की गूंज ब्यूरो
देहरादून / जौनसार-बावर।प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने जौनसार-बावर क्षेत्र के सिमोग में पहुँचकर आराध्य शिलगुर विजट महाराज के दर्शन किए और मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने दशहरा पर्व के अवसर पर आयोजित धार्मिक, सांस्कृतिक और भव्य क्रीड़ा प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर प्रदेशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि इस बार का दशहरा पर्व बेहद विशेष है, क्योंकि सिरमौर और शिमला जिले की सीमा पर स्थित सराहण और चूड़धार से आराध्य देव शिरगुल महाराज का विजयादशमी के पावन पर्व पर जौनसार-बावर के सिमोग में आगमन हुआ है।
उन्होंने बताया कि इन अलौकिक दर्शनों के लिए न केवल उत्तराखंड से, बल्कि पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश और अन्य क्षेत्रों से भी भारी संख्या में श्रद्धालु पहुँचते हैं। इस उत्सव के दौरान जौनसारी संस्कृति की अनूठी छटा देखने को मिलती है, जहाँ स्थानीय लोग अपने पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर ढोल-दमाऊ की थाप पर पारंपरिक लोक नृत्य करते हैं।
सिमोग के कार्यक्रमों में शामिल होने के पश्चात मंत्री सतपाल महाराज ने जमुना कृष्णधाम हरिपुर कालसी पहुँचकर माँ यमुना की मूर्ति पर माल्यार्पण भी किया।टौंस वैली युवा विकास समिति, ग्राम-कोटी (खत-विशायल) द्वारा आयोजित इस भव्य कार्यक्रम के दौरान भीम सिंह चौहान, जबर सिंह नेगी, डॉ. श्याम कुंवर, शांति चौहान, अमित नेगी, गीता राम शर्मा, संत राम चौहान, सूरत सिंह चौहान, केशर सिंह चौहान, बीर सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।