विजय बहुगुणा/ सत्य की गूंज(ब्यूरो)
बीरोंखाल (पौड़ी गढ़वाल)। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि उनके विशेष अनुरोध पर विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल के अंतर्गत विकासखंड बीरोंखाल के साबली (पंचपुरी) स्थित उत्तराखंड रत्न, स्वतंत्रता सेनानी एवं समाज सुधारक कर्मवीर जयानंद भारती के ऐतिहासिक भवन के जीर्णोद्धार को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल कर लिया गया है।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि विकासखंड बीरोंखाल के साबली, पंचपुरी में स्थित कर्मवीर जयानंद भारती का पैतृक एवं ऐतिहासिक भवन लंबे समय से जीर्ण-शीर्ण अवस्था में था। स्वतंत्रता आंदोलन में अहम भूमिका निभाने वाले और समाज में व्याप्त कुरीतियों व छुआछूत के खिलाफ ऐतिहासिक ‘डोला-पालकी आंदोलन’ का नेतृत्व करने वाले जयानंद भारती का जीवन उत्तराखंड की अमूल्य धरोहर है।
उन्होंने बताया कि इसी धरोहर के संरक्षण और भावी पीढ़ी को उनके संघर्षों से परिचित कराने के उद्देश्य से उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इस भवन के जीर्णोद्धार का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री ने इस आग्रह को सहर्ष स्वीकार करते हुए लगभग 50 लाख रुपये की धनराशि से भवन के जीर्णोद्धार कार्य को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल किया है, जो क्षेत्रीय जनता के मान-सम्मान और कर्मवीर जयानंद भारती को सच्ची श्रद्धांजलि है।
ज्ञात हो कि हाल ही में 17 अक्टूबर को स्यूंसी (बीरोंखाल) स्थित राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में कर्मवीर जयानंद भारती की 146वीं जयंती पर आयोजित दो दिवसीय राजकीय मेले के शुभारंभ अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने जनता से यह वादा किया था कि इस ऐतिहासिक धरोहर को संजोने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे, जो अब धरातल पर उतरने जा रहा है।