विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
कीर्तिनगर(ब्यूरो)। उत्तराखंड के लोकपर्व ‘हरेला’ के शुभ अवसर पर आज नरेन्द्रनगर वन प्रभाग की कीर्तिनगर रेंज हरी-भरी वादियों और पर्यावरण संरक्षण के संकल्पों से गूंज उठी। जखण्ड अनुभाग के मैखण्डी और चौरास अनुभाग के नैथाणा बीट में आज भारी उत्साह के साथ बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया।
नैथाणा कक्ष संख्या 6 में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ देवप्रयाग विधानसभा के विधायक विनोद कण्डारी की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। उन्होंने खुद अपने हाथों से पौधा रोपकर इस पावन अभियान की शुरुआत की और एक विशेष गोष्ठी को संबोधित किया।
विधायक कंडारी ने जनता को प्रेरित करते हुए कहा:”हरेला केवल हमारी परंपरा का हिस्सा नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का अहसास कराता है। अगर हम चाहते हैं कि हमारी आने वाली पीढ़ियां साफ हवा और स्वच्छ वातावरण में सांस लें, तो हमें न केवल ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने होंगे, बल्कि उन्हें पाल-पोसकर बड़ा भी करना होगा।
कीर्तिनगर रेंज के विभिन्न क्षेत्रों में स्थानीय पर्यावरण के अनुकूल लगभग 2900 फलदार और छायादार पौधों का रोपण किया गया।
विभिन्न ग्राम सभाओं, वन पंचायतों और स्कूलों को पौधारोपण के लिए 400 पौधे बांटे गए। इस जन-अभियान में स्थानीय ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने कंधे से कंधा मिलाकर भागीदारी की।
कार्यक्रम के दौरान कीर्तिनगर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी संजय सिंह बेलवाल, उप वन क्षेत्राधिकारी सुखदेव प्रसाद बडोनी, वन दरोगा श्रीमती वसुन्धरा परमार समेत विभाग के तमाम अधिकारी और कर्मचारी मुस्तैद रहे।
कार्यक्रम के अंत में वन कर्मियों ने सभी नागरिकों से दिल से अपील की कि वे सिर्फ पेड़ लगाने तक सीमित न रहें। अपने घरों, खेतों, स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए इन पौधों की देखभाल अपने बच्चों की तरह करें ताकि हमारा उत्तराखंड हमेशा हरा-भरा रहे।