सत्य की गूंज
हरिद्वार(ब्यूरो)। उत्तराखंड के हरिद्वार में इस वर्ष की कांवड़ यात्रा बेहद शांतिपूर्ण, सकुशल, निर्विघ्न और पारदर्शिता के साथ संपन्न हो गई है। यात्रा के सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर ने हरकी पैड़ी पर मां गंगा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात उन्होंने हरकी पैड़ी से पवित्र गंगाजल लेकर दक्षेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान दक्षेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में शासन-प्रशासन द्वारा चाक-चौबंद व्यवस्थाएं की गई थीं। सभी विभागों के आपसी समन्वय का परिणाम रहा कि इस वर्ष 4 करोड़ 50 लाख से अधिक कांवड़िए पवित्र गंगाजल लेकर सकुशल अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
स्वास्थ्य सेवाएं: मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने विभिन्न शिविरों में दिन-रात सेवा देते हुए 2 लाख से अधिक शिवभक्तों का नि:शुल्क इलाज किया।
सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन: एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने कठिन परिस्थितियों में भी भीड़ प्रबंधन, रूट डायवर्जन और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतरीन ढंग से संभाला। जल पुलिस ने भी घाटों पर लगातार मुस्तैदी बनाए रखी।
कांवड़ यात्रा के सफल आयोजन पर डीएम मयूर दीक्षित ने जोनल-सेक्टर मजिस्ट्रेटों, पुलिस बल, मीडिया कर्मियों, पर्यावरण मित्रों, स्वयंसेवी संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, साधु-संतों, व्यापारियों और क्षेत्रीय जनता का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से पर्यावरण मित्रों की प्रशंसा की, जिन्होंने लाखों की भीड़ के बावजूद शहर और घाटों पर स्वच्छता व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा।
कांवड़ मेला सकुशल संपन्न होने पर श्री गंगा सभा के अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री नितिन गौतम ने जिलाधिकारी और एसएसपी को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इसके साथ ही श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव एवं अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविन्द्र पुरी महाराज ने भी दक्षेश्वर महादेव मंदिर में दोनों अधिकारियों को पटका पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर एसपी ट्रैफिक निशा यादव, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी सहित तमाम वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।