सत्य की गूंज( ब्यूरो)
चंपावत / बनबसा। प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई एवं ग्रामीण निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने रविवार को भारतमाला परियोजना के अंतर्गत बनबसा के पास भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर निर्माणाधीन ड्राई पोर्ट (Dry Port) और उससे जुड़ी चार लेन की सड़क व पुल परियोजनाओं का औचक एवं स्थलीय निरीक्षण किया।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने 246.86 करोड़ रुपये की लागत से भारतमाला परियोजना के तहत बन रहे नेशनल हाईवे-09 (पुराना AH-125) सीतारगंज-टनकपुर मार्ग, जगबुड़ा पुल के समीप 40 किमी बनबसा भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा चेक पोस्ट तक 4-लेन कनेक्टिविटी तथा 368.28 करोड़ रुपये की लागत की बनबसा एकीकृत चेक पोस्ट (ICP) एवं ड्राई पोर्ट निर्माण कार्यों का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सिंचाई एवं लोक निर्माण मंत्री श्री महाराज ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा (विशेषकर बनबसा-दोधारा चांदनी क्षेत्र) पर बनने वाले इस ड्राई पोर्ट (सूखा बंदरगाह) से भारत और नेपाल के बीच व्यापारिक गतिविधियों, आयात-निर्यात को अत्यधिक सरल व सुलभ बनाया जा सकेगा। इससे दोनों देशों के बीच व्यापार, आवागमन और आर्थिक विकास को तीव्र गति मिलेगी तथा सीमांत क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। यह साइट भारत से नेपाल में प्रवेश के लिए सबसे प्रसिद्ध सीमा क्रॉसिंग पर स्थित है। इस स्थलीय निरीक्षण के दौरान मंत्री महोदय के साथ विभिन्न विभागों के वरिष्ठ और स्थानीय अधिकारी भी मौजूद रहे।