विजय बहुगुणा/सत्य की गूंज(ब्यूरो)
पौड़ी गढ़वाल। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने के उद्देश्य से ISSA Foundation द्वारा संचालित उत्तरा केयर हॉस्पिटल, पौड़ी की मोबाइल मेडिकल यूनिट (MMU) द्वारा सितंबर माह में एक व्यापक ग्रामीण स्वास्थ्य अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत 5 ब्लॉकों के 16 गांवों में 16 निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से कुल 619 लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला। इनमें 229 पुरुष और 390 महिलाएं शामिल रहीं।
इन शिविरों में ग्रामीणों को उनके गांव के समीप ही स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
स्वास्थ्य टीम द्वारा निम्नलिखित जांचें निःशुल्क की गईं:
रक्तचाप, रक्त शर्करा, SpO₂, नाड़ी एवं हृदय गति, वजन और BMI की जांच।सितंबर माह के शिविरों में ECG जांच की विशेष निःशुल्क सुविधा भी दी गई, जिससे हृदय संबंधी समस्याओं की प्राथमिक जांच संभव हो सकी और जरूरत मंदों को आगे के उपचार हेतु मार्गदर्शन मिला।
इसके साथ ही स्वास्थ्य टीमों ने ग्रामीणों को नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक किया और बीमारी के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करने की सलाह दी।
इस अभियान के तहत कुल 619 लाभान्वितों में 390 महिलाएं और 229 पुरुष शामिल रहे। पर्वतीय क्षेत्रों की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण जहाँ ग्रामीणों को छोटी-छोटी जांच के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, वहीं मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए घर के पास मिल रही इन सुविधाओं से महिलाओं, बुजुर्गों और दूरस्थ इलाकों के लोगों को बड़ा संबल मिला है।
यह ग्रामीण स्वास्थ्य अभियान ISSA Foundation के संस्थापक आई.एस. नेगी के मार्गदर्शन में आगे बढ़ाया जा रहा है। उत्तरा केयर हॉस्पिटल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. जे.पी. चमोली, हॉस्पिटल मैनेजर डॉ. मनोज गोविल और सीनियर मैनेजर कमल काला के नेतृत्व में शिविरों का सफल संचालन व प्रशासनिक समन्वय किया गया। इसके अलावा, कैंप कोऑर्डिनेटर अमन कुमार और EV सुपरवाइजर काजल ने शिविरों की व्यवस्थाओं को सुचारu बनाने में अहम भूमिका निभाई।स्थानीय ग्रामीणों ने गांव के नजदीक मिल रही इन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए उत्तरा केयर हॉस्पिटल और ISSA Foundation का आभार व्यक्त किया है। अस्पताल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि दूरदराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाने का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।