विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। इंटरनेशनल गुडविल सोसायटी ऑफ इंडिया (आईजीएसआई) गढ़वाल चैप्टर द्वारा आज पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज, डांगचोरा, टिहरी गढ़वाल में स्कूली विद्यार्थियों के लिए एक वृहद “कैरियर अवेयरनेस प्रोग्राम” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक कैरियर मार्गदर्शन, उच्च शिक्षा के अवसरों, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति तथा भविष्य की विभिन्न संभावनाओं के प्रति जागरूक करना था।इस ज्ञानवर्धक कार्यक्रम का मुख्य संदेश “Know Today, Choose Tomorrow, Shape Your Future” (आज जानो, कल चुनो, अपना भविष्य गढ़ो) रहा।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित गढ़वाल विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष एवं आईजीएसआई गढ़वाल चैप्टर के अध्यक्ष प्रो. एम. एम. सेमवाल ने ‘नशा मुक्ति’ जैसे संवेदनशील विषय पर बेहद गंभीर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा:”युवाओं में बढ़ती नशे की लत एक जटिल और बहुआयामी समस्या है, जो न केवल देश की प्रगति को रोकती है बल्कि युवाओं की अनमोल प्रतिभा को भी बर्बाद कर देती है। मादक पदार्थों के सेवन से अक्सर युवा ड्रग ट्रैफिक तस्करों के जाल में फंस जाते हैं।”प्रो. सेमवाल ने छात्र-छात्राओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपने परिवार व समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि केवल एक शिक्षित और नशामुक्त युवा ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकता है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न तकनीकी और शैक्षणिक क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया:
गढ़वाल विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग के प्रोफेसर एवं आईजीएसआई गढ़वाल चैप्टर के सचिव प्रो. एस. सी. सती ने आईजीएसआई की स्थापना, उद्देश्यों और समाज सेवा के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को एक जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी। फार्मेसी विभाग के डॉ. राम साहू ने फार्मेसी सेक्टर में उपलब्ध रोजगार के विशाल अवसरों और उच्च शिक्षा की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इंजीनियर विभाग के डॉ. अरुण शेखर बहुगुणा ने इंजीनियरिंग के विभिन्न क्षेत्रों, भविष्य के विकल्पों और उभरती नई तकनीकों के बारे में छात्रों का मार्गदर्शन किया। आईटी विभाग के डॉ. वरुण बड़थ्वाल ने आज के डिजिटल युग में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के जिम्मेदार उपयोग, साइबर सुरक्षा, डिजिटल धोखाधड़ी (ऑनलाइन फ्रॉड) से बचाव और सुरक्षित इंटरनेट बैंकिंग/ब्राउजिंग के गुर सिखाए। उन्होंने कहा कि आज के युग में तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ साइबर सुरक्षा के प्रति सचेत रहना अनिवार्य है। कुलाधिपति व कुलपति ने दी शुभकामनाएंइस विशेष अवसर पर आईजीएसआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं हेमवती नन्दन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. योगेन्द्र नारायण का विशेष संदेश भी छात्र-छात्राओं के साथ साझा किया गया, जिसमें उन्होंने विद्यार्थियों को ज्ञान, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के पथ पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं, गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने भी इस जन-जागरूकता पहल की भूरि-भूरि सराहना की। विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का हुआ समाधानकार्यक्रम में डांगचोरा इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विशेषज्ञों के सामने कैरियर व तकनीक से जुड़े कई सवाल रखे, जिनका मौके पर ही सरल शब्दों में समाधान किया गया। अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री सीपी देवली ने सभी आगंतुक विशेषज्ञों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प लिया।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शिवसिंह नेगी, एस. एस. चौधरी, डॉ. राम सिंह बिष्ट, आर. एस. बिष्ट सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ और भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।