विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो)। सरस्वती शिशु मंदिर चौरास में मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के चिकित्सकों द्वारा एक स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर चौरास युवा समाज कल्याण समिति के तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के 60 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में डॉ. सुरेन्द्र सिंह, डॉ. लक्ष्मण यादव, डॉ. रजनीकांत, डॉ. चंचल और डॉ. सुबिन सहित अन्य चिकित्सकों ने उपस्थित लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा उन्हें निःशुल्क दवाइयां वितरित कीं। शिविर में विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य समस्याओं की जांच कर मरीजों को उचित परामर्श भी दिया गया।
कैंप संयोजक डॉ. सुरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि इस तरह के शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने आगे बताया कि मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अशुतोष सयाना ने शिविर के आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश और सहयोग प्रदान किया, जबकि चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश रावत द्वारा शिविर के सफल संचालन के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।स्थानीय लोगों ने चौरास क्षेत्र में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर के आयोजन पर मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के चिकित्सकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन किए जाने की अपेक्षा जताई।