विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
देहरादून / देवप्रयाग। ‘भारत दर्शन’ शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक यात्रा के 10वें संस्करण (2026) के तहत देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के दल ने देहरादून पहुंचकर राजभवन में प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राजभवन में बच्चों का उत्साह और खुशी देखते ही बन रही थी।
इस अवसर पर देवप्रयाग के विधायक विनोद कंडारी ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि भारत दर्शन कार्यक्रम का यह 10वाँ संस्करण हमारे बच्चों के लिए देश की संस्कृति, विविधता और इतिहास को करीब से जानने, नई चीजें सीखने तथा जीवन के नए अनुभवों को समझने का एक अत्यंत सुंदर अवसर है। उन्होंने सभी बच्चों को इस यादगार यात्रा के लिए ढेरों शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे यात्रा के दौरान खूब सीखें, देश को घूमें और अपने साथ ढेरों खूबसूरत यादें लेकर लौटें।
राजभवन में राज्यपाल के साथ हुई इस अनूठी मुलाकात से बच्चों में जबरदस्त प्रेरणा और ऊर्जा का संचार देखने को मिला है। यह यात्रा बच्चों के शैक्षणिक व बौद्धिक विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हो रही है।