विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
कीर्तिनगर (टिहरी गढ़वाल)। लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) कीर्तिनगर में तैनात अधिशासी अभियंता (ईई) धीरेंद्र कुमार के तबादले और उनके कार्यकाल में हुए विकास कार्यों की उच्चस्तरीय जांच की मांग को लेकर एसडीएम कार्यालय के बाहर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। आंदोलन को क्षेत्र के विभिन्न संगठनों, राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों का लगातार समर्थन मिल रहा है।
धरना के तीसरे दिन आंदोलन को मजबूती देते हुए उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के ब्लॉक अध्यक्ष रघुवीर पंवार, क्षेत्र पंचायत सदस्य (पारकूट) चंद्रमोहन चौहान, नरोत्तम नेगी, दिनेश भट्ट, प्रदीप गोदियाल और उत्तम सिंह पंवार सहित कई गणमान्य लोग धरना स्थल पर पहुंचे और अपना पूर्ण समर्थन व्यक्त किया।
वक्ताओं ने कहा कि जनता और जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार मांग उठाए जाने के बावजूद शासन-प्रशासन स्तर पर कोई ठोस कदम न उठाया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक अधिशासी अभियंता का तबादला कर उनके कार्यकाल की निष्पक्ष जांच शुरू नहीं की जाती, तब तक यह आंदोलन इसी प्रकार जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर इसे और उग्र किया जाएगा।