विजय बहुगुणा /सत्य की गूंज ब्यूरो
श्रीनगर गढ़वाल। आस्था, परंपरा, लोक संस्कृति और मनोरंजन का अनूठा संगम एक बार फिर श्रीनगर की धरती पर सजने जा रहा है। ऐतिहासिक एवं पौराणिक बैकुंठ चतुर्दशी मेला-2026 का भव्य शुभारंभ 23 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जाएगा। इस बार नगर निगम ने मेले को बेहद आकर्षक स्वरूप देते हुए उत्तराखंड की लोक संस्कृति, पारंपरिक विरासत, खेल प्रतिभाओं और स्थानीय कलाकारों को विशेष मंच प्रदान करने की अनूठी पहल की है। महापौर आरती भंडारी ने प्रेसवार्ता कर मेले के विस्तृत कार्यक्रमों की रूपरेखा जारी की है।
महापौर आरती भंडारी की पहल: धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक भव्यतामहापौर आरती भंडारी ने बताया कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि श्रीनगर की सांस्कृतिक पहचान और गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। इस वर्ष मेले को और अधिक भव्य बनाने के लिए व्यापक तैयारियाँ की गई हैं। कमलेश्वर महादेव मंदिर के साथ-साथ शहर के प्रमुख मंदिरों को आकर्षक विद्युत रोशनी से सजाया जाएगा। साथ ही, आगंतुकों की सुविधा के लिए निमंत्रण पत्र पर विशेष QR कोड दिया गया है, जिसे स्कैन करते ही मोबाइल पर सीधे मेला स्थल की सटीक लोकेशन मिल जाएगी।
इन खास आयोजनों से सजेगा मेला (कार्यक्रम की मुख्य झलकियां):23 नवंबर (उद्घाटन व भजन संध्या): शाम छह बजे सीतापुर नेत्र चिकित्सालय प्रांगण में शुभारंभ के बाद प्रसिद्ध लोकगायिका हेमा नेगी करासी अपनी सुमधुर आवाज में भजन संध्या प्रस्तुत करेंगी।
24 नवंबर (रमछौल सांस्कृतिक संध्या): शाम छह बजे से लोकगायक किशन महिपाल, अमित खरे, रजनीकांत सेमवाल, अनुराग कांत, लता तिवारी पांडेय और रेखा उनियाल अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।
25 नवंबर (श्रीनगर के सितारे व सूफी नाइट): दोपहर दो बजे जूनियर वर्ग (अंडर-13) की ‘श्रीनगर के सितारे’ प्रतियोगिता और शाम को सीनियर वर्ग के मुकाबले होंगे। साथ ही स्थानीय युवाओं का सूफी बैंड ‘रंगत’ अपनी प्रस्तुति देगा।
26 नवंबर (पहाड़ी परिधान और गढ़वाली कवि सम्मेलन): दोपहर 12 बजे गोला बाजार में गढ़-कुमाऊं पहाड़ी परिधान प्रतियोगिता और ढोल सागर का आयोजन होगा। शाम को आवास विकास मैदान में गढ़वाली कवि सम्मेलन, नटराज डांस ग्रुप और पंचतत्व बैंड अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।27 नवंबर (चक्रव्यूह, स्वयंवर और गढ़वाली नाइट): दोपहर 12 बजे चक्रव्यूह और शाम पाँच बजे द्रौपदी स्वयंवर का मंचन किया जाएगा। इसके बाद गढ़वाली नाइट में सौरव मैठाणी, मीणा राणा, विवेक नौटियाल, अमित सागर, अंजलि खरे और अंजू नेगी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।28 नवंबर (डॉग शो, बेबी शो और स्टार नाइट): दोपहर दो बजे डॉग शो, बेबी शो व बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता होगी। शाम छह बजे संकल्प खेतवाल एंड बैंड की स्टार नाइट मुख्य आकर्षण रहेगी।29 नवंबर (वीर गाथाओं की प्रस्तुति): शाम छह बजे सुमाड़ी के पंथ्या दादा और वीर माधो सिंह भंडारी की वीर गाथा पर आधारित विशेष सांस्कृतिक नाटक का मंचन होगा।
खेलकूद और जल क्रीड़ा (वाटर स्पोर्ट्स) का भी रहेगा रोमांचखेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए अंडर-19 और अंडर-14 आयु वर्ग की फुटबॉल प्रतियोगिता के साथ-साथ कैरम, शतरंज, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, रस्साकशी और पिठ्ठू जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त, प्रतिदिन धारी देवी मंदिर के निकट ‘मिनी गोवा बीच’ पर जल क्रीड़ा (वाटर स्पोर्ट्स) गतिविधियां भी संचालित होंगी, जो पर्यटकों और युवाओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।महापौर आरती भंडारी ने सभी क्षेत्रवासियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों से परिवार सहित मेले में पहुँचकर इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने की अपील की है।