विजय बहुगुणा / सत्य की गूंज ब्यूरो
पौड़ी गढ़वाल। यमकेश्वर क्षेत्र के मोहनचट्टी स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय को आधुनिक सुविधाओं से लैस करते हुए एक भव्य आयुर्वेदिक वेलनेस सेंटर के रूप में विकसित किया गया है। चिकित्सालय परिसर को पारंपरिक पहाड़ी वास्तुशैली में नया स्वरूप देने के साथ ही यहाँ हाईटेक योग हॉल और पंचकर्म कक्षों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट ने अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में इन सुविधाओं का जायजा लेते हुए वेलनेस सेंटर का औपचारिक शुभारंभ किया।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया द्वारा पूर्व में किए गए चिकित्सालय परिसर के निरीक्षण के दौरान मोहनचट्टी की प्राकृतिक सुंदरता को देखते हुए यहाँ आयुर्वेद एवं वेलनेस पर्यटन की अपार संभावनाएँ सामने आई थीं। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में ग्रामसभा जोगियाणा (मोहनचट्टी) में जिला योजना के अंतर्गत 71.61 लाख रुपये की लागत से इस वेलनेस सेंटर की स्थापना का कार्य 05 फरवरी 2026 को शुरू किया गया था, जिसे ग्रामीण निर्माण विभाग (प्रखंड कोटद्वार) द्वारा सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।
यहाँ विकसित किए गए योग हॉल और पंचकर्म कक्षों के माध्यम से स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ पर्यटकों को पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों का लाभ मिलेगा। यहाँ निम्नलिखित प्रमुख उपचार उपलब्ध होंगे:
मुख्य पंचकर्म थेरेपी: अभ्यंग, स्वेदन और शिरोधारा।विशेष तकनीकें: मर्म थेरेपी, अग्निकर्म और कपिंग थेरेपी।इन सभी सेवाओं के लिए विशेष उपचार कक्ष, ऑपरेशन थिएटर और प्रशिक्षित पंचकर्म सहायकों की व्यवस्था की गई है।
पर्यटन, स्वास्थ्य और स्थानीय रोजगार को मिलेगा बढ़ावाऋषिकेश से लगभग 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित मोहनचट्टी क्षेत्र में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुँचते हैं। यहाँ चिकित्सालय परिसर में एक आकर्षक हर्बल गार्डन भी विकसित किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न औषधीय पौधों का रोपण कर उनके गुणों को प्रदर्शित किया जाएगा। इस केंद्र के शुरू होने से आसपास के गाँवों के साथ-साथ क्षेत्र के रिजॉर्ट, कैंप और होमस्टे संचालकों को भी बड़ा लाभ मिलेगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।