विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो)। राजकीय पॉलीटेक्निक श्रीनगर में शुक्रवार को ‘विश्व फार्मासिस्ट दिवस’ के अवसर पर विभिन्न जागरूकता, सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन अत्यंत उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। इस कार्यक्रम में संस्थान के लगभग 120 से 150 छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलन और फार्मासिस्ट शपथ के साथ किया गया। संस्थान के उपनिदेशक एवं प्रधानाचार्य एस.के. वर्मा द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम के तहत एक विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें फार्मेसी विभाग के लगभग 49 छात्र-छात्राओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। विद्यार्थियों के इस मानवीय प्रयास की सभी ने भूरी-भूरी प्रशंसा की। वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान महादान है, जो किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में सहायक होता है। इस पहल के जरिए फार्मेसी के विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान पाना नहीं, बल्कि अपनी ऊर्जा का उपयोग मानवता की सेवा के लिए करना भी है।
रक्तदान के साथ-साथ छात्र-छात्राओं ने स्लोगन लेखन, पेंटिंग, ड्राइंग और पोस्टर निर्माण प्रतियोगिताओं में भी अपनी कला का बेहतरीन प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता, दवाओं के उचित उपयोग और स्वस्थ समाज के निर्माण में एक फार्मासिस्ट की अहम भूमिका को बेहद प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य एस.के. वर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की सुचारु व्यवस्था में फार्मासिस्ट की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने छात्रों को अपने ज्ञान, तकनीकी दक्षता और व्यावसायिक कौशल को लगातार विकसित करने तथा समाज के प्रति अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा से निभाने के लिए प्रेरित किया।
फार्मेसी विभागाध्यक्ष डॉ. भारती विश्वकर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बदलते स्वास्थ्य क्षेत्र में फार्मासिस्टों की मांग और जिम्मेदारियां तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने छात्रों को क्षेत्र में मौजूद नवीन अवसरों से अवगत कराया और रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यों में आगे आने के लिए उनकी सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान फार्मेसी विभाग से श्रीमती सरिता नौटियाल, प्रशांत बहुगुणा, आनंद प्रसाद सहित कई शिक्षक एवं विशेषज्ञ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आकर्षक मंच संचालन अनिल शाह द्वारा किया गया।