श्रीनगर: मेडिकल कॉलेज में NMO द्वारा हरेला पर्व पर वृक्षारोपण, प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना रहे मौजूद
विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो) । उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोकपर्व ‘हरेला’ के पावन अवसर पर राष्ट्रीय मेडिकोज़ संगठन (NMO), वीसीएसजीजीआईएमएस एंड आर (मेडिकल कॉलेज), श्रीनगर गढ़वाल इकाई द्वारा सोमवार को कॉलेज परिसर में एक भव्य वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान चिकित्सकों, संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
यह पूरा वृक्षारोपण कार्यक्रम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं संरक्षक डॉ. आशुतोष सयाना के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में संगठन के उपाध्यक्ष डॉ. सौरभ सचर का विशेष सहयोग रहा, जबकि संपूर्ण कार्यक्रम का सफल समन्वय सचिव डॉ. अमन भारद्वाज द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में तरुण ने विशेष अतिथि के रूप में अपनी गरिमामयी सहभागिता दर्ज कराई। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति के संवर्धन और अधिकाधिक वृक्षारोपण के महत्व पर अपने विचार रखे। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि केवल पौधे लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि लगाए गए प्रत्येक पौधे के संरक्षण और उसके बड़े होने तक उसकी देखभाल करने का संकल्प भी लेना चाहिए।
वृक्षारोपण अभियान के दौरान महाविद्यालय के तमाम संकाय सदस्यों, वरिष्ठ चिकित्सकों, कर्मचारियों और मेडिकल छात्रों ने भारी उत्साह के साथ पौधे रोपे। विद्यार्थियों की ओर से अभिषेक और श्याम सहित अनेक छात्र-छात्राओं ने पौधारोपण कर पर्यावरण के प्रति अपनी गहरी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
एनएमओ के पदाधिकारियों ने इस अवसर पर कहा कि ‘हरेला’ केवल एक लोकपर्व भर नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति हमारी कृतज्ञता और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का एक महान संदेश है। ऐसे आयोजन समाज में हरित वातावरण के निर्माण, जैव विविधता के संरक्षण और आने वाली भावी पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ व स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होते हैं। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा रोपित पौधों की नियमित देखभाल की शपथ लेने के साथ हुआ।