श्री बाबा बौखनाग धाम की पावन डोली।
अजय, सत्य की गूंज
देहरादून(ब्यूरो)। प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने यमुना और गंगा घाटी के प्रमुख आस्था केंद्र बाबा बौखनाग की पवित्र तपोस्थली बौख टिब्बा (बौख नाग धाम) को आधिकारिक रूप से धार्मिक पर्यटन स्थल घोषित कर दिया है। क्षेत्रवासियों और मंदिर समिति की मांग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मंत्री ने पर्यटन सचिव को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
बीते 18 जुलाई 2026 को जनपद आगमन पर ‘श्री बाबा बौखनाग देव समिति’ का एक प्रतिनिधिमंडल पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज से भेंट करने पहुंचा था। इस दौरान बाबा बौखनाग की पावन डोली यात्रा भी चल रही थी। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के समक्ष मांग रखी थी कि यमुना-गंगा के मध्य सिलक्यारा सुरंग के ठीक ऊपर स्थित बाबा बौखनाग की तपोभूमि ‘बौख टिब्बा’ को पर्यटन स्थल का दर्जा दिया जाए। क्षेत्र की इस मांग का तुरंत संज्ञान लेते हुए पर्यटन मंत्री ने इसे धार्मिक पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने की घोषणा की।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि ‘बौख टिब्बा’ (बौख नाग धाम) में प्रत्येक तीसरे साल ‘सेम नाग राजा’ की तर्ज पर त्रिवार्षिक राजकीय मेले का आयोजन बेहद भव्यता और दिव्यता के साथ किया जाता है। यह स्थान यमुना घाटी और गंगा घाटी के लोगों के लिए अगाध आस्था का केंद्र है, जहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटकों और श्रद्धालुओं का आवागमन होता है। पर्यटन की दृष्टि से यह क्षेत्र अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसे ध्यान में रखते हुए सरकार ने इसे पर्यटन स्थल घोषित करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है।