सत्य की गूंज, ब्यूरो
रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग पुलिस बल की फिटनेस, सतर्कता और अनुशासन को और अधिक धार देने के उद्देश्य से आज रिजर्व पुलिस लाइन रतूड़ा में साप्ताहिक परेड का भव्य आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग ने परेड की सलामी ली और पुलिस बल की कार्यप्रणाली को सुदृढ़ करने के लिए विस्तृत निरीक्षण किया।
साप्ताहिक परेड का शुभारंभ जवानों की शारीरिक दक्षता और मानसिक सतर्कता को परखने के लिए हल्की दौड़ के साथ हुआ। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने एक अनुकरणीय उदाहरण पेश करते हुए स्वयं जवानों के साथ दौड़ लगाई और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने जवानों को स्पष्ट संदेश दिया कि समाज की सुरक्षा का भार उठाने वाले प्रत्येक पुलिसकर्मी का शारीरिक और मानसिक रूप से फिट होना न केवल अनिवार्य है, बल्कि यह उनकी कर्तव्यपरायणता का भी एक अहम हिस्सा है। परेड के बाद जवानों को टोलीवार ड्रिल का गहन अभ्यास कराया गया।
परेड की औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर का व्यापक भ्रमण किया। उन्होंने शस्त्रागार (Armoury), राजकीय स्टोर और विभिन्न प्रशासनिक कार्यालयों का बारीकी से निरीक्षण किया: शस्त्रागार में रखे सरकारी हथियारों के रखरखाव, उनकी सफाई और सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की गई। कार्यालय प्रभारियों को निर्देश दिए गए कि सभी जरूरी अभिलेखों को समयबद्ध तरीके से अद्यतन रखा जाए। पुलिस लाइन परिसर में उच्च स्तरीय स्वच्छता बनाए रखने के लिए एसपी ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए।अनुशासन पुलिस की प्राथमिकतापुलिस अधीक्षक ने कहा कि रुद्रप्रयाग पुलिस आमजन की सेवा और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। साप्ताहिक परेड जैसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल के भीतर अनुशासन के स्तर को हमेशा उच्चतम बनाए रखना है, ताकि विपरीत परिस्थितियों में भी पुलिसकर्मी मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर सकें।
इस निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन के विभिन्न विभागों के प्रभारी, आरक्षी और पुलिस बल के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।