विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
देवप्रयाग/नरेन्द्रनगर(ब्यूरो)। उत्तराखंड के पावन लोकपर्व ‘हरेला’ के अवसर पर नरेन्द्रनगर वन प्रभाग की माणिकनाथ रेंज के हिंसरियाखाल अनुभाग के अन्तर्गत कनपोलाखाल ब्लॉक में वृक्षारोपण एवं जागरूकता गोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। इस वर्ष हरेला पर्व-2026 की थीम “हर गाँव का यही पैगाम, एक पेड़ माँ के नाम” के तहत विभिन्न क्षेत्रों में सघन पौधरोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
आयोजित गोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य युवा कल्याण परिषद् के राज्य मंत्री (दर्जाधारी) विनोद सुयाल एवं देवप्रयाग के ब्लॉक प्रमुख विनोद बिष्ट गरिमामयी उपस्थिति रहे। गोष्ठी के दौरान उपस्थित अतिथियों ने स्थानीय जन-समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि भविष्य की पर्यावरणीय चुनौतियों और ग्लोबल वार्मिंग से निपटने के लिए वृहद स्तर पर वृक्षारोपण ही एकमात्र उपाय है। उन्होंने हरेला पर्व के माध्यम से आमजन से अधिकाधिक संख्या में पौध रोपण करने और उनके जीवित रहने हेतु उचित संरक्षण करने की भावुक अपील की।
कार्यक्रम में विशेष रूप से छात्र-छात्राओं को अधिक से अधिक संख्या में पौधरोपण करने हेतु प्रेरित किया गया, ताकि नई पीढ़ी को बचपन से ही पर्यावरण संरक्षण की भावना से जोड़ा जा सके और वे भविष्य में पर्यावरण के सजग प्रहरी बन सकें। इस पावन अवसर पर राजकीय उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय कनपोलाखाल में सीनियर व जूनियर वर्ग के छात्र-छात्राओं के बीच एक शानदार चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी करवाया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
माणिकनाथ रेंज के अंतर्गत चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत रेंज के अलग-अलग क्षेत्रों में विभिन्न प्रजातियों के लगभग 2400 पौधों का सफल रोपण किया गया। इसके साथ ही पर्यावरण के प्रति जन-भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों को लगभग 900 पौधों का निःशुल्क वितरण भी किया गया।
इस वृहद वृक्षारोपण अभियान और गोष्ठी में क्षेत्र के तमाम विभागों के अधिकारियों और स्थानीय जनता ने बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित की, जिनमें मुख्य रूप से खण्ड शिक्षा अधिकारी एवं खण्ड विकास अधिकारी (BDO)वन विभाग तथा कृषि विभाग के अधिकारी व कर्मचारी विभिन्न ग्रामों के ग्राम प्रधान एवं स्थानीय जन-प्रतिनिधिग्राम कनफुलाखाल, डाण्डा, उनाना और मयाली के स्थानीय ग्रामीणराजकीय उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय कनपोलाखाल के प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण व भारी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल रहे।