विजय बहुगुणा
पौड़ी गढ़वाल(ब्यूरो)। जनपद पौड़ी गढ़वाल के नागरिकों को आधुनिक और उच्चस्तरीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उनके अपने जिले में ही उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ी और सुखद कामयाबी मिली है। आईएसएसए (ISSA) फाउंडेशन द्वारा संचालित उत्तरा केयर हॉस्पिटल, पौड़ी गढ़वाल में शनिवार को आयोजित विशेष सुपर स्पेशियलिटी OPD में मरीजों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इस विशेष शिविर में जनपद के विभिन्न विकासखंडों और दूर-दराज के क्षेत्रों से आए 230 से अधिक मरीजों ने विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का सीधा लाभ उठाया।
सुपर स्पेशियलिटी OPD के दौरान जटिल और गंभीर बीमारियों से पीड़ित ऐसे अनेक मरीज पहुंचे, जिन्हें अब तक परामर्श के लिए देहरादून या ऋषिकेश जैसे बड़े शहरों की लंबी और खर्चीली यात्राएं करनी पड़ती थीं।
शिविर में पहुंचे विशेषज्ञों की टीम में शामिल थे:
न्यूरोलॉजी (मस्तिष्क एवं नस रोग): वरिष्ठ रेजिडेंट डॉ. संध्या चौहान ने लकवा, माइग्रेन, मिर्गी और नसों से संबंधित जटिल न्यूरोलॉजिकल समस्याओं से ग्रसित मरीजों का परीक्षण किया।
त्वचा रोग (Skin & Hair): सहायक प्रोफेसर डॉ. सुक्हदीप सिंह ने एलर्जी, दाद, खुजली, सोरायसिस और बाल झड़ने जैसी समस्याओं से पीड़ित मरीजों को उपचार संबंधी सलाह दी।
नेफ्रोलॉजी (किडनी रोग): वरिष्ठ रेजिडेंट डॉ. कृष्ण चंद्र ने किडनी फंक्शन, हाई ब्लड प्रेशर और गुर्दा रोग से जुड़े मरीजों की जांच कर चिकित्सकीय परामर्श दिया।कार्डियोलॉजी (हृदय रोग): वरिष्ठ रेजिडेंट डॉ. जयकृत चौधरी ने सीने में दर्द, धड़कन की समस्या, हाई बीपी और अन्य हृदय रोगों से संबंधित मरीजों का परीक्षण किया।ऑर्थोपेडिक (हड्डी एवं जोड़ रोग): प्रख्यात सर्जन डॉ. ईशान बुद्धिराजा ने कमर दर्द, घुटनों के दर्द, गठिया और जॉइंट रिप्लेसमेंट से जुड़े मरीजों को विशेषज्ञ उपचार प्रदान किया।
इस अवसर पर आईएसएसए फाउंडेशन के निदेशक इन्द्रजीत सिंह नेगी ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके अपने जिले में ही उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं देना संस्था का मुख्य संकल्प है। आर्थिक और भौगोलिक कठिनाइयों के कारण ग्रामीण मरीज समय पर बड़े शहरों में नहीं जा पाते, इसी चुनौती को दूर करने के लिए उत्तरा केयर हॉस्पिटल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है।हर महीने के पहले शनिवार को मिलेगी यह सेवा: डॉ. मनोज गोविलअस्पताल प्रबंधक डॉ. मनोज गोविल ने क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि यह सुपर स्पेशियलिटी OPD सेवा अब प्रत्येक माह के प्रथम शनिवार को नियमित रूप से आयोजित की जाएगी, जिससे स्थानीय स्तर पर ही मरीजों को विभिन्न विशेषज्ञों की सेवाएं मिलती रहेंगी।
अस्पताल के वरिष्ठ प्रबंधक कमल कांत कला ने बताया कि अस्पताल में वर्तमान में 24×7 आपातकालीन सेवाएं, एम्बुलेंस सुविधा, आधुनिक पैथोलॉजी लैब, डिजिटल एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, ईसीजी और इनडोर (IPD) सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध हैं।
उत्तरा केयर हॉस्पिटल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट (एम.एस.) श्री जे.पी. चमोली ने बताया कि इस सुपर स्पेशियलिटी OPD को जनपदवासियों का अटूट विश्वास मिल रहा है। उन्होंने आगामी कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि आगामी शनिवार, 11 जुलाई 2026 को अस्पताल परिसर में विवेकानंद हॉस्पिटल, देहरादून के वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञों द्वारा विशेष Eye OPD का आयोजन किया जाएगा। इसमें मोतियाबिंद, दृष्टिदोष, ग्लूकोमा और आँखों की एलर्जी से संबंधित विशेषज्ञ जांच और उपचार किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र की जनता से इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।