विजय बहुगुणा /सत्य की गूंज ब्यूरो
बीरोंखाल (पौड़ी गढ़वाल)। प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज के विशेष अनुरोध पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड बीरोंखाल अंतर्गत साबली (पंचपुरी) में स्थित उत्तराखंड रत्न स्वतंत्रता सेनानी एवं समाज सुधारक कर्मवीर जयानंद भारती के ऐतिहासिक भवन के निर्माण हेतु मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत 40 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने पर ‘आर्य समाज साबली आदि पंचपुरी’ संस्था के पदाधिकारियों ने गहरा आभार व्यक्त किया है।
आर्य प्रतिनिधि सभा उत्तराखंड से संबद्ध ‘आर्य समाज साबली आदि पंचपुरी’ संस्था के प्रमुख पदाधिकारियों ने गुरुवार को कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज से भेंट की और इस सौगात के लिए उनका धन्यवाद किया। पदाधिकारियों ने कहा कि इस ऐतिहासिक भवन के जीर्णोद्धार से महान स्वतंत्रता सेनानी के विचारों और उनकी स्मृतियों को संजोने में बड़ी मदद मिलेगी।
ज्ञात हो कि हाल ही में 17 अक्टूबर को स्यूंसी (बीरोंखाल) में कर्मवीर जयानंद भारती की 146वीं जयंती के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय राजकीय मेले के शुभारंभ पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने इस ऐतिहासिक धरोहर के जीर्णोद्धार का वादा किया था, जिसे अब मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल कर धरातल पर उतारा जा रहा है।
इस प्रतिनिधिमंडल में संस्था के संरक्षक वासुदेव विमल, अध्यक्ष महेशानंद आर्य, मंत्री जनजीवन राम आर्य, कार्यकारिणी सदस्य विनोद कोहली, पूर्व प्रमुख प्रीति देवी, धनेन्द्र कुमार, वीरेंद्र सिंह, चन्द्र प्रकाश आर्य एवं हेमराज प्रियव्रत सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।