अजय, सत्य की गूंज
देहरादून(ब्यूरो)। साउथेम्प्टन विश्वविद्यालय, लंदन के छात्र-छात्राओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय के इंडिया सेंटर के प्रथम ICCR चेयर ऑफ इंडिया स्टडीज और विजिटिंग प्रोफेसर चंद्र प्रकाश कांडपाल के नेतृत्व में प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, ग्रामीण निर्माण, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज से उनके सुभाष रोड स्थित कैंप कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड में पर्यटन विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली और अपने बहुमूल्य सुझाव भी साझा किए। ‘भारत अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम’ के तहत उत्तराखंड पहुंचा दलयह विशेष शैक्षणिक भ्रमण ‘भारत अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम’ (India Experiential Learning Program) के तहत आयोजित किया गया है, जिसके तहत देश के विभिन्न हिस्सों का दौरा करने के बाद यह छात्र दल उत्तराखंड पहुँचा है।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने मुलाकात के दौरान बताया कि साउथेम्प्टन विश्वविद्यालय का यह दल भारत की प्राचीन सभ्यता और संस्कृति को करीब से जानने तथा दुनिया के अन्य देशों में इसका प्रचार-प्रसार करने के उद्देश्य से भारत यात्रा पर है। इस विश्वविद्यालय में दुनिया भर के विभिन्न देशों के छात्र अध्ययन कर रहे हैं। मंत्री ने विश्वास जताया कि यह दल उत्तराखंड के पर्यटन को वैश्विक स्तर पर प्रसारित करने में अपनी अहम भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस प्रतिनिधिमंडल का उत्तराखंड की पावन धरती पर गर्मजोशी से अभिनंदन किया है।
बीटल्स आश्रम, जिम कॉर्बेट और होमस्टे का किया जिक्रछात्र-छात्राओं को उत्तराखंड की खूबियों से अवगत कराते हुए पर्यटन मंत्री ने बताया कि ऋषिकेश स्थित प्रसिद्ध बीटल्स आश्रम में कभी मशहूर बैंड ‘बीटल्स’ आया था और माँ गंगा के आशीर्वाद से उन्होंने अपने 48 सबसे लोकप्रिय गाने इसी पवित्र धरती पर रचे थे। इसके अलावा उन्होंने जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क, सरकार द्वारा तेजी से बढ़ाए जा रहे ‘होमस्टे’ कल्चर और ‘एस्ट्रो टूरिज्म’ के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
ब्रिटेन से आए इन छात्र-छात्राओं ने भारतीय संस्कृति, यहाँ के पारंपरिक भोजन और उत्तराखंड में मेहमाननवाज व्यवस्थाओं की बेहद सराहना की और कहा कि वे यहाँ से अपने साथ बेहद खूबसूरत और सुनहरी यादें लेकर लौटेंगे। इस शिष्टाचार भेंट के दौरान प्रतिनिधिमंडल के साथ प्रोग्राम के कोऑर्डिनेटर डॉ. अमित कुमार और प्रोफेसर साबू पदम दास भी विशेष रूप से मौजूद रहे।