विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
पौड़ी गढ़वाल(ब्यूरो)। जनपद पौड़ी गढ़वाल में मवेशियों में फैलने वाली ‘लम्पी स्किन डिजीज’ (Lumpy Skin Disease) की रोकथाम और उसके प्रभावी नियंत्रण को लेकर शनिवार को मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा की अध्यक्षता में एक ऑनलाइन समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलेभर के समस्त पशु चिकित्सा अधिकारियों और वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारियों ने हिस्सा लिया, जहाँ बीमारी की मौजूदा स्थिति, वैक्सीनेशन की प्रगति और रियल टाइम निगरानी पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने जनपद में लम्पी स्किन डिजीज की वर्तमान स्थिति, अब तक मिले टीके (Vaccine) और किए गए टीकाकरण के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि पशुओं के उपचार के लिए जरूरी दवाओं का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसी भी स्तर पर इनकी कमी नहीं होने दी जाएगी।
रोग के संभावित प्रसार को रोकने के लिए अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने और अधिकाधिक संदिग्ध पशुओं के सैंपल लेकर समय पर जांच के लिए भेजने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।
पशुपालकों के बीच जागरूकता फैलाने पर जोरसीवीओ ने मैदानी स्तर पर काम कर रही टीमों को निर्देशित किया कि वे पशुपालकों के साथ निरंतर संपर्क और समन्वय बनाए रखें। पशुपालकों को लम्पी स्किन डिजीज के शुरुआती लक्षणों, बचाव के उपायों और उपचार के तौर-तरीकों के बारे में व्यापक स्तर पर जागरूक किया जाए ताकि किसी भी संभावित मामले की सूचना तुरंत मिलने पर समयबद्ध कार्रवाई की जा सके।
इस ऑनलाइन बैठक में उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. नंदन प्रसाद आगरी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।