विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो)। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान उत्तराखंड (NITUK) और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, जम्मू (IIT Jammu) के बीच शैक्षणिक एवं अनुसंधान सहयोग को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। यह समझौता 28 सितंबर 2026 को आईआईटी जम्मू में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान संपन्न हुआ। दोनों संस्थानों के निदेशकों ने किया एमओयू का आदान-प्रदान
इस कार्यक्रम के दौरान एनआईटी उत्तराखंड के निदेशक प्रो. करुणेश कुमार शुक्ला और आईआईटी जम्मू के निदेशक प्रो. एम. एस. गौड़ ने हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया। इस अवसर पर दोनों प्रतिष्ठित संस्थानों के डीन एवं एसोसिएट डीन भी उपस्थित रहे। शोधार्थियों को मिलेगा दोनों संस्थानों की सुविधाओं का लाभइस समझौते का मुख्य उद्देश्य विज्ञान, इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी के उभरते क्षेत्रों में संयुक्त अनुसंधान, विशेषज्ञता का आदान-प्रदान और शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है।
संयुक्त पीएच.डी. कार्यक्रम: इस प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत पात्र शोधार्थियों को दोनों संस्थानों के बीच सहयोग के माध्यम से डॉक्टोरल अनुसंधान करने का अवसर मिलेगा। इससे विद्यार्थियों को दोनों संस्थानों की उच्चस्तरीय अनुसंधान सुविधाओं और शैक्षणिक माहौल का पूरा लाभ मिल सकेगा।
बी.टेक. छात्र विनिमय कार्यक्रम: दोनों संस्थानों के निदेशकों ने बी.टेक. स्तर पर छात्र विनिमय कार्यक्रम (Student Exchange Program) के लिए भी आपसी सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है। इसके तहत चयनित विद्यार्थी संबंधित संस्थान में जाकर शैक्षणिक और अनुसंधान गतिविधियों में भाग ले सकेंगे। साथ ही, आगे चलकर एम.टेक. या पीएच.डी. कार्यक्रमों में प्रवेश व शैक्षणिक प्रगति के मार्ग भी प्रशस्त होंगे, जो संस्थानों के नियमों और पात्रता के अधीन होंगे।
यह ऐतिहासिक समझौता एनआईटी उत्तराखंड और आईआईटी जम्मू के विद्यार्थियों, शोधार्थियों और संकाय सदस्यों के लिए भविष्य में नए और बेहतरीन अवसर सृजित करने की दिशा में एक अहम कदम है।