सत्य की गूंज, ब्यूरो
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में कुमाऊँ आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने एक बार फिर जनता के प्रति अपनी संवेदनशीलता का परिचय दिया है। उन्होंने न केवल अपने कार्यालय में बैठकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं, बल्कि स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी शिकायतों को बेहद बारीकी से परखा। जनसुनवाई के दौरान आईं विभिन्न समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को मामलों का जल्द से जल्द निस्तारण करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
जनसुनवाई के दौरान कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने बताया कि अधिकांश शिकायतें भूमि विवाद, धोखाधड़ी से धनराशि हड़पने, अवैध निर्माण और पारिवारिक विवादों से संबंधित सामने आईं। इन तमाम मामलों को आयुक्त ने पूरी गंभीरता से सुना और मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए।
आम तौर पर प्रशासनिक अधिकारी कार्यालयों तक सीमित रहते हैं, लेकिन आयुक्त दीपक रावत का खुद चलकर जनता के सम्मुख जाना और उनकी समस्याओं को विस्तार से सुनना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रशासन के इस रुख से आम जनता में न्याय की उम्मीद और अधिक मजबूत हुई है। आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।