विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो)। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के जन्मदिवस के पावन अवसर पर राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के बेस अस्पताल में एक विशेष स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सामाजिक कार्यकर्ता दीपक उनियाल के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में अस्पताल के कर्मचारियों और चिकित्सा कर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का अनूठा उदाहरण पेश किया।
रक्तदान शिविर के दौरान बेस अस्पताल के विभिन्न विभागों से जुड़े चिकित्सा कर्मियों ने स्वेच्छा से आगे आकर रक्तदान किया।
शिविर में मुख्य रूप से मोहर सिंह (डायलिसिस इंचार्ज)सुरेंद्र जोशी (नर्सिंग अधिकारी)लैब टेक्नीशियन सहित अन्य अस्पताल कर्मियों ने रक्तदान किया।इस दौरान वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि ‘रक्तदान ही सबसे बड़ा महादान है’, जो आपात स्थिति में किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने का एकमात्र जरिया बनता है। उन्होंने आम जनमानस से भी समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की।गायनी वार्ड में भर्ती महिलाओं को बांटे गए फलरक्तदान शिविर के उपरांत सामाजिक कार्यकर्ता दीपक उनियाल ने बेस अस्पताल के स्त्री एवं प्रसूति रोग (गायनी) विभाग का दौरा किया। वहां उन्होंने भर्ती महिलाओं से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान विभागाध्यक्ष डॉ. नवज्योति बोरा, डॉ. नेहा और डॉ. निधि बहुगुणा की विशेष उपस्थिति में मरीजों को फल वितरित किए गए।
दीपक उनियाल ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के जन्मदिवस को सेवा, समर्पण और जनकल्याणकारी कार्यों के माध्यम से मनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धा और सामाजिक सरोकार का परिचायक है। कार्यक्रम के अंत में सभी अस्पताल कर्मियों और उपस्थित गणमान्य लोगों ने स्वास्थ्य मंत्री को जन्मदिन की आत्मीय शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुदीर्घ और यशस्वी जीवन की कामना की।
इसअवसर पर लोकेन्द्र शर्मा, विवेक त्यागी, जितेन्द्र सिंह, त्रिलोक रावत, अमित मलवाल, प्रदीप नेगी, प्रदीप नौटियाल और रुचि डोभाल सहित बड़ी संख्या में अस्पताल के कर्मचारी, चिकित्सा अधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।