देवप्रयाग: 139.45 लाख की लागत से बनेगी पौड़ीखाल-सांदनाणाकोट सड़क, विधायक विनोद कंडारी ने किया शिलान्यास
विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
देवप्रयाग(ब्यूरो)। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत संपर्क मार्गों के विस्तार की कड़ी में एक और महत्वपूर्ण सौगात जुड़ गई है। राज्य योजना के तहत पौड़ीखाल–वाडियो से डांडा होते हुए सांदनाणाकोट तक 4 किलोमीटर लंबे मोटर मार्ग के निर्माण कार्य (द्वितीय चरण, स्टेज-1) का शिलान्यास आज दिनांक 09 अगस्त 2026 को संपन्न हुआ। इस सड़क के निर्माण पर कुल ₹139.45 लाख की लागत आएगी।
इस महत्वपूर्ण सड़क मार्ग के बन जाने से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन की बेहद बेहतरीन और सुलभ सुविधा प्राप्त होगी। साथ ही, दूरस्थ गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने में भी मदद मिलेगी। इस विकास कार्य से क्षेत्र के चहुंमुखी विकास को गति मिलने के साथ-साथ स्थानीय जनता को यात्रा के दौरान बड़ी राहत और समय की बचत होगी।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के तमाम जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से ब्लॉक प्रमुख विनोद बिष्ट, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र रावत, पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती पिंकी लिंगवाल, मंडल महामंत्री सरोज थपलियाल, मंडल महामंत्री मनोज बागड़ी, पूर्व प्रधान श्रीमती संतोषी बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य कमलजीत डबोला, युवा मोर्चा अध्यक्ष प्रदीप चौहान, जिला मंत्री प्रमोद चंद सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। स्थानीय जनता ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। देवप्रयाग विधानसभा में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए इस प्रकार के विकास कार्य निरंतर जारी हैं।