अजय/सत्य की गूंज ब्यूरो
नई दिल्ली / देहरादून। भारत और नेपाल का रिश्ता केवल दो पड़ोसी देशों का नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और ‘रोटी-बेटी’ का अटूट नाता है। ये विचार उत्तराखंड के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित कनॉट प्लेस के एक होटल में नेपाल दूतावास और नेपाल पर्यटन बोर्ड द्वारा आयोजित “नेपाल कॉलिंग” डेस्टिनेशन प्रमोशन प्रोग्राम – “एक तराई, दो राष्ट्र” कार्यक्रम में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए व्यक्त किए।”एक तराई, दो राष्ट्र” और संयुक्त पर्यटन सर्किट की परिकल्पनाश्री महाराज ने कहा कि उत्तराखंड और नेपाल की साझा विरासत अद्वितीय है—जहाँ भगवान शिव की पीठ केदारनाथ में तो उनका शीश नेपाल के भक्तपुर स्थित डोलेश्वर महादेव में विराजमान है। उन्होंने महाकाली नदी से जुड़े उत्तराखंड के तराई क्षेत्र (ऊधम सिंह नगर, नैनीताल का मैदानी भाग, टनकपुर-बनबसा) और सीमा पार नेपाल के कंचनपुर व कैलाली जिलों को मिलाकर एक संयुक्त सीमा-पार पर्यटन सर्किट विकसित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि दोनों ओर एक जैसी प्रकृति, थारू संस्कृति और आस्था होने से यह क्षेत्र पर्यटन का नया विकास इंजन बन सकता है।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज द्वारा रखे गए प्रमुख प्रस्ताव:हवाई कनेक्टिविटी: पंतनगर हवाई अड्डे को राज्य का पहला अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने की दिशा में कार्य चल रहा है। भविष्य में पंतनगर से काठमांडू और देहरादून से काठमांडू के बीच सीधी विमान सेवा शुरू करने के लिए उन्होंने नेपाल सरकार से उचित कदम उठाने का अनुरोध किया।
तराई आर्क टाइगर ट्रेल व थारू होमस्टे: कॉर्बेट, नन्धौर और नेपाल के शुक्लाफांटा राष्ट्रीय उद्यान को जोड़कर “तराई आर्क टाइगर ट्रेल” बनाने तथा नेपाल के अनुभव से प्रेरित होकर खटीमा क्षेत्र में थारू हेरिटेज होमस्टे क्लस्टर विकसित करने पर जोर दिया।
संयुक्त पूर्णागिरि–सिद्ध बाबा यात्रा: माँ पूर्णागिरि धाम और नेपाल स्थित सिद्ध बाबा मंदिर को जोड़ते हुए बनबसा सीमा पर सरल आवागमन व साझा शटल के साथ संयुक्त यात्रा का प्रस्ताव रखा।
पंचेश्वर जलाशय पर्यटन: महाकाली संधि के तहत प्रस्तावित पंचेश्वर बहुउद्देशीय परियोजना की डीपीआर (DPR) में टिहरी की तर्ज पर शुरू से ही जलाशय पर्यटन का प्रावधान शामिल करने का आग्रह किया।
केंद्रीय योजनाओं में प्राथमिकता: केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से तराई-महाकाली पर्यटन सर्किट को ‘स्वदेश दर्शन 2.0’ और ‘प्रसाद योजना’ में प्राथमिकता देने तथा टनकपुर-महेंद्रनगर लिंक रोड का कार्य शीघ्र शुरू करने का अनुरोध किया।संयुक्त पर्यटन कार्यदल का आग्रहश्री महाराज ने नेपाल के संस्कृति, पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री खड्क राज पौडेल ‘गणेश’ से उत्तराखंड और नेपाल के सुदूरपश्चिम प्रदेश का एक संयुक्त पर्यटन कार्यदल बनाने का आग्रह किया, जो साझा विपणन, भारत-नेपाल सीमा-पार साइकिल रैली और तराई बर्ड फेस्टिवल जैसे आयोजन कर सके। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, नेपाल के मंत्री खड्क राज पौडेल, नेपाल के राजदूत, नेपाल पर्यटन बोर्ड के पदाधिकारी तथा दोनों देशों के पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।