अजय /सत्य की गूंज ब्यूरो
नई दिल्ली / देहरादून। उत्तराखंड में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक तैयारियाँ तेज कर दी हैं। इसी क्रम में प्रदेश अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया के नेतृत्व में प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से महत्वपूर्ण मुलाकात की। प्रदेश प्रभारी महेंद्र यादव की मौजूदगी में हुई इस बैठक में उत्तराखंड के वर्तमान राजनीतिक हालात, संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति पर गहन मंथन किया गया।
बैठक के दौरान अरविंद केजरीवाल ने उत्तराखंड में चल रहे जनसंपर्क अभियानों और पार्टी की गतिविधियों का फीडबैक लिया। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए कहा कि एकजुटता, मजबूत संगठन, निरंतर जनसंपर्क और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष ही सफलता की असली कुंजी है। उन्होंने निर्देश दिए कि:बूथ स्तर तक संगठन की संरचना को पूरी तरह मजबूत किया जाए।कार्यकर्ता आम लोगों की रोजमर्रा की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएं और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएं।
प्रदेश अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि राष्ट्रीय संयोजक के मार्गदर्शन से उत्तराखंड के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की जनता बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, रोजगार, महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार मुक्त शासन की उम्मीद कर रही है। आम आदमी पार्टी इन्हीं मूलभूत मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और 2027 के चुनावों में एक सशक्त राजनीतिक विकल्प बनकर उभरेगी।
दिल्ली में हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश संगठन मंत्री ओ.पी. मिश्रा, प्रदेश महासचिव श्याम बाबू पाण्डेय, प्रदेश उपाध्यक्षगण, सचिव, महिला व युवा मोर्चा के अध्यक्षों सहित पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता शामिल रहे।