अजय, सत्य की गूंज
देहरादून / खटीमा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की संवेदनशीलता का एक और मानवीय चेहरा सामने आया है। मुख्यमंत्री की पहल पर लोहियाहेड निवासी स्थानीय व्यवसायी एवं टिक्की विक्रेता रवि शर्मा के 8 वर्षीय गंभीर रूप से बीमार पुत्र देव के उपचार की राह आसान हो गई है। मुख्यमंत्री ने बच्चे के समुचित इलाज के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और उसके उपचार का पूरा खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन किए जाने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि गत दिवस मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लोहियाहेड में स्थानीय व्यवसायी रवि शर्मा की दुकान पर पहुंचे थे, जहाँ उन्होंने टिक्की का आनंद लिया था। इसी दौरान रवि शर्मा ने मुख्यमंत्री को अपने 8 वर्षीय बेटे देव की गंभीर बीमारी के बारे में बताया था। उन्होंने बताया कि उनका बेटा जन्म से ही गंभीर स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहा है और उसके हाथ-पैर ठीक से काम नहीं करते हैं। इससे पहले वे दून स्थित श्री महंत इंद्रेश अस्पताल सहित विभिन्न स्थानों पर उसका इलाज करा चुके हैं।
मुख्यमंत्री के कड़े निर्देशों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सोमवार देर सायं जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. गोस्वामी, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी और उपजिलाधिकारी तुषार सैनी समेत चिकित्सकों की एक टीम सीधे रवि शर्मा के लोहियाहेड स्थित आवास पर पहुँची। इस दौरान ऑर्थो विशेषज्ञ चिकित्सा अधिकारी डॉ. एच.एस. ऐरी और सीएमओ ने बच्चे का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा उसकी पुरानी मेडिकल हिस्ट्री और पूर्व में चले उपचार की पूरी जानकारी ली।एमआरआई जांच के बाद तय होगी आगे की प्रक्रियाचिकित्सकों की टीम ने बच्चे की वर्तमान स्थिति को देखते हुए सबसे पहले MRI जांच कराने की सलाह दी है, जिसके बाद प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर आगे के इलाज की आगामी प्रक्रिया तय की जाएगी। जिलाधिकारी ने मौके पर अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चे की एमआरआई जांच तत्काल कराई जाए। साथ ही, जिला प्रशासन की ओर से बच्चे और उसके परिजनों को अस्पताल लाने-ले जाने के लिए वाहन और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की इस त्वरित और मानवीय पहल से पीड़ित परिवार में एक नई उम्मीद जगी है। भावुक परिजनों ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए उन्हें धन्यवाद दिया है।