सत्य की गूंज ब्यूरो
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान आयुष विभाग के 271 और कर्मचारी राज्य बीमा योजना (ESI) के अंतर्गत 61 एलोपैथिक फार्मेसी अधिकारियों सहित कुल 332 नवनियुक्त कार्मिकों को औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने सभी युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनसे पूरी संवेदनशीलता, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।’सरकारी सेवा को केवल नौकरी न समझें, जनसेवा का बनाएं माध्यम’नवनियुक्त कार्मिकों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति पत्र मिलना युवाओं के जीवन का एक अहम पड़ाव है, जिसके साथ ही जनसेवा की नई जिम्मेदारी शुरू होती है। उन्होंने कहा कि कार्मिक अपने दायित्वों को केवल एक नौकरी न समझें, बल्कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का जरिया बनाएं। दूर-दराज के क्षेत्रों से स्वास्थ्य केंद्रों तक आने वाले हर मरीज के मन में व्यवस्था के प्रति एक गहरा भरोसा होता है, जिसे कार्मिकों की तत्परता और कार्यकुशलता और मजबूत करती है।
राज्य सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने प्रदेश की भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया है। नकल माफिया पर कठोर कार्रवाई के साथ सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। आज युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर अवसर मिल रहे हैं और पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जो पारदर्शी व्यवस्था के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को बयां करती है।
प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक और आयुर्वेदिक विरासत का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उत्तराखंड को मॉडल ‘आयुष प्रदेश’ और ‘ग्लोबल वेलनेस हब’ के रूप में विकसित कर रही है। सभी जनपदों में आयुष सेवाओं का विस्तार, पंचकर्म सेवाओं का आधुनिकीकरण, आयुर्वेद उत्कर्ष केंद्रों की स्थापना और ‘ई-संजीवनी’ व ‘आयुष सेतु पोर्टल’ के माध्यम से घर बैठे विशेषज्ञ परामर्श जैसी पहल तेजी से आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा, कई होमस्टे को नजदीकी आयुर्वेद चिकित्सालयों की वेलनेस सेवाओं से भी जोड़ा गया है।
कर्मचारी राज्य बीमा योजना के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि पहले यह योजना प्रदेश के केवल 6 जनपदों तक सीमित थी, जिसे अब सभी 13 जनपदों तक पहुँचाया गया है। रुद्रपुर में 100 बेड के ईएसआई अस्पताल का संचालन शुरू हो चुका है, हरिद्वार में 300 बेड के अस्पताल का निर्माण चल रहा है और काशीपुर में भी भूमि चिन्हित की जा चुकी है। स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने हेतु 47 नए चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है।
आयुष एवं आयुष शिक्षा मंत्री मदन कौशिक ने भी नवनियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए विभाग की कार्यक्षमता बढ़ने और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की बात कही।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, श्रीमती सविता कपूर, सचिव श्रम श्रीधर बाबू अद्दांकी, सचिव आयुष श्रीमती रंजना राजगुरू, अपर सचिव विजय कुमार जोगदण्डे, श्रीमती आकांक्षा कोण्डे सहित तमाम वरिष्ठ विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।