विजय बहुगुणा / सत्य की गूंज ब्यूरो
बीरोंखाल (पौड़ी गढ़वाल)। चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विकासखंड बीरोंखाल में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर का शुभारंभ करते हुए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक सतपाल महाराज ने क्षेत्र को 440.4 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने कई विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करने के साथ ही स्थानीय जनता की समस्याओं को सुनकर उनका मौके पर निराकरण किया।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि बीरोंखाल विधानसभा क्षेत्र की 78 में से 68 ग्राम पंचायतों में ‘उत्तराखंड जलवायु अनुकूल बारानी कृषि परियोजना (जलागम)’ के तहत वर्ष 2024 से 2030 तक करोड़ों रुपये के कार्य किए जा रहे हैं, जिसके तहत कुल 120 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च होने का अनुमान है।इस परियोजना के सफल संचालन के लिए स्यूंसी मैठाणाघाट एवं स्यूंसी में 3 यूनिटों का गठन किया गया है। इसके अंतर्गत अब तक निम्नलिखित कार्य किए गए हैं:
सिंचाई के लिए 12 एलडीपीई टैंक, 7 वॉटर हार्वेस्टिंग टैंक और उद्यान के लिए ड्रिप सिंचाई की 10 प्रदर्शन इकाइयां स्थापित की गई हैं।
सब्जी उत्पादन के लिए 30 प्रदर्शन इकाइयां, मल्चिंग तकनीक की 57 इकाइयां और 90 पॉली टनल स्थापित किए गए हैं।
रबी और खरीफ फसलों के साथ-साथ टमाटर, बैंगन, शिमला मिर्च, हल्दी व अदरक आदि के बीज बड़े पैमाने पर किसानों को वितरित किए गए हैं।
इसके अलावा 9 वर्मी कंपोस्ट, 21 बायो-कंपोस्ट इकाइयां और बकरी नस्ल सुधार के लिए 21 बकरा सांड वितरित किए गए हैं।
इन विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण और शिलान्यासबहुउद्देशीय शिविर के दौरान मंत्री सतपाल महाराज ने निम्नलिखित विकास कार्यों की सौगात दी:
शिलान्यास: बीरोंखाल में 1.34 करोड़ की लागत से बनने वाले राजकीय इंटर कॉलेज के नवीन भवन एवं कक्षा-कक्षों का शिलान्यास।
लोकार्पण: समग्र शिक्षा अभियान के तहत 21.4 लाख की लागत से निर्मित राजकीय प्राथमिक विद्यालय का नया भवन और रसिया महादेव में 3 करोड़ 85 लाख की लागत से बने 24 शैय्याओं वाले नवनिर्मित पर्यटक आवास गृह का लोकार्पण।
विधायक निधि से घोषणा: चितौण खाल तक मोटर मार्ग मिलान के लिए 4 लाख और हिन्डोला गैरी से हनुमान गद्दी बड़ेस ढय्या तक संपर्क मार्ग निर्माण हेतु 3 लाख रुपये विधायक निधि से देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष ओमपाल, महामंत्री यशवंत बिष्ट, सुयश रावत, प्रेमसिंह नेगी, दर्शन सिंह रिगोड़ा, एसडीएम कृष्णा त्रिपाठी, तहसीलदार, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर वर्षा भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और अधिकारी उपस्थित रहे।