सत्य की गूंज
चम्पावत/टनकपुर(ब्यूरो)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को जनपद चम्पावत के बूमघाट में क्षेत्रवासियों को बाढ़ सुरक्षा और विकास के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात दी। ‘सेवा पखवाड़ा’ अभियान के अंतर्गत आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कुल ₹65.95 करोड़ की लागत वाली दो बेहद महत्वपूर्ण बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं का विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पूर्व मुख्यमंत्री ने शारदा नदी पर चल रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को गुणवत्ता व समयबद्धता के साथ काम पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।
₹60.21 करोड़ की लागत से बूम से टनकपुर तक शारदा नदी के तट पर बाढ़ सुरक्षा (तटबंध) का निर्माण कार्य।हुड्डी नदी सुरक्षा दीवार: ₹5.74 करोड़ की लागत से पूर्णागिरी तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम छीनीगोठ की सुरक्षा के लिए हुड्डी नदी पर बाढ़ सुरक्षात्मक दीवार का निर्माण।UCC और नकल विरोधी कानून के बाद अब ‘विकास और विरासत’ पर फोकसजनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि शारदा तटबंध केवल एक निर्माण परियोजना नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य और क्षेत्र के समग्र विकास की मजबूत आधारशिला बनेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “विकास भी और विरासत भी” के मूल मंत्र को दोहराते हुए कहा कि मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत माँ पूर्णागिरि धाम, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर और माँ वाराही धाम सहित अनेक धार्मिक स्थलों का कायाकल्प किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने चम्पावत और टनकपुर क्षेत्र के लिए चल रही अन्य बड़ी योजनाओं का भी ब्यौरा साझा किया:
शारदा रिवर फ्रंट: लगभग ₹3,300 करोड़ की लागत से विकसित की जा रही शारदा कॉरिडोर परियोजना के तहत टनकपुर से बनबसा तक एक भव्य शारदा रिवर फ्रंट का निर्माण किया जा रहा है।
महिला स्पोर्ट्स व साइंस सेंटर: उत्तराखंड की बेटियों के लिए ₹257 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज तथा युवाओं के लिए ₹58.52 करोड़ की लागत से आधुनिक साइंस सेंटर की स्थापना की जा रही है।आधुनिक ISBT: टनकपुर में ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक आईएसबीटी (ISBT) और लगभग ₹14 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक मीडिया सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है।
सैनिक व पर्यावरण मित्र कल्याण: बनबसा में सैनिक स्मारक, पाटी में सैनिक बहुउद्देशीय केंद्र तथा लोहाघाट में पर्यावरण मित्रों के लिए आवासीय भवनों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।
मुख्यमंत्री का सहज अंदाज: महिलाओं संग बनाई रोटी-चटनीकार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के बेहद सरल और सहज व्यवहार ने वहां मौजूद हजारों लोगों का मन मोह लिया। सेवा पखवाड़े के अंतर्गत लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों (कृषि, उद्यान, डेयरी, महिला एवं बाल विकास) के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह के स्टॉल पर पहुंचे। वहां उन्होंने स्थानीय महिलाओं के साथ पारंपरिक तरीके से चूल्हे पर रोटी और चटनी तैयार की, जिसे देख महिलाओं और क्षेत्रवासियों में भारी उत्साह दौड़ गया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने निक्षय योजना के तहत 5 लाभार्थियों को पोषण किट भी वितरित की।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती आंचल बोरा, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी व दीपक राजवार उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में पुलिस अधीक्षक (SP) श्रीमती रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी (CDO) जी.एस. खाती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और भारी संख्या में ग्रामीण व लाभार्थी मौजूद रहे।