अजय, सत्य की गूंज
देहरादून(ब्यूरो)। प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व, संस्कृति, लोनिवि, सिंचाई एवं ग्रामीण निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने शनिवार को एक स्थानीय होटल में बालाजी प्रोडक्शन के बैनर तले बनी बहुप्रतीक्षित गढ़वाली फीचर फिल्म ‘बीरा’ का आधिकारिक रूप से ट्रेलर, म्यूजिक और पोस्टर लॉन्च किया। बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए उन्होंने फिल्म निर्माता धीरज पप्पू सिंह, निर्देशक देबू रावत, सभी साथी कलाकारों और पूरी टीम को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
”उत्तराखंड फिल्म निर्माताओं के लिए प्राकृतिक स्टूडियो”इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि उत्तराखंड की ऊंची हिमालयी चोटियां, हरे-भरे वन, नदियां, झीलें और समृद्ध लोक परंपराएं देश-दुनिया के फिल्म निर्माताओं के लिए किसी प्राकृतिक स्टूडियो से कम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सरकार उत्तराखंड को फिल्म शूटिंग के लिए एक बेहद आकर्षक और सुगम डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर काम कर रही है।श्री महाराज ने रेखांकित किया कि प्रदेश में अधिक से अधिक फिल्मों, वेब सीरीज और ऑडियो-विजुअल प्रोजेक्ट्स की शूटिंग होने से न केवल उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता वैश्विक पटल पर पहुंचेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं, कलाकारों, तकनीशियनों, होटल व्यवसायियों और परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
पहाड़ की मिट्टी और रिश्तों की गर्माहट को दर्शाती है ‘बीरा’फिल्म के कथ्य पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि ‘बीरा’ पहाड़ के सरल जीवन और बदलते समय के बीच उन इंसानी भावनाओं को सामने लाती है, जो अपने सपनों, रिश्तों और जड़ों के बीच संतुलन बनाने की जद्दोजहद करते हैं। फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में शिवानी भंडारी, नियो फर्स्वाण और सूरज कोटनाला जैसे प्रतिभाशाली कलाकारों का अभिनय इसे बेहद जीवंत बनाता है। यह फिल्म दर्शकों को हंसाएगी, भावुक करेगी और अपनी मिट्टी से जुड़ाव का अहसास कराएगी।
कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी सहित क्षेत्र के कई नामचीन कलाकार और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।