विजय बहुगुणा / सत्य की गूंज ब्यूरो
पोखड़ा (पौड़ी गढ़वाल)। चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सड़क, सिंचाई, पेयजल, पर्यटन और स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए अनेक लोक कल्याणकारी योजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। उक्त बात प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने अपने क्षेत्र भ्रमण के दूसरे दिन बुधवार को विकासखंड पोखड़ा में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर का शुभारंभ करते हुए कही।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि दूरस्थ कोला क्षेत्र में वर्षों से लंबित बरसूण्ड देवता ग्राम समूह पम्पिंग पेयजल योजना के लिए 29 करोड़ 83 लाख रुपये की स्वीकृति दिलाई गई है। इस योजना के पूर्ण होने से क्षेत्र के चालीस छोटे-बड़े गांवों और तोकों की जनता को शुद्ध पेयजल की सुविधा का लाभ मिलेगा।इसके साथ ही कोला-1 व कोला-2 को मोटर मार्ग से जोड़ने के लिए 31 लाख 51 हजार रुपये स्वीकृत कराकर कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं। बिजोरापानी से कुंजखाल आवश्यक स्थानों पर 56 लाख की लागत से मोटर मार्ग का नवीनीकरण कराया गया है तथा विधायक निधि से एक करोड़ रुपये की लागत से हर ग्राम पंचायत में विभिन्न कार्य संपन्न कराए गए हैं। जल जीवन मिशन के तहत हर ग्राम सभा में पेयजल और सौर ऊर्जा के कार्यों पर 10 करोड़ से अधिक की धनराशि खर्च की गई है।
बहुउद्देशीय शिविर के दौरान मंत्री सतपाल महाराज ने स्टालों का अवलोकन करने के साथ स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और उनका मौके पर निस्तारण किया। इस अवसर पर उन्होंने निम्नलिखित कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया:
लोकार्पण: पोखड़ा विकासखंड के अंतर्गत 2 करोड़ 75 लाख 63 हजार रुपये की लागत से निर्मित बिजोरापानी-कुंजखाल-कोलाखाल-जयकोट मार्ग के 8 किमी मार्ग से चिनवाड़ी तक ग्रामीण मोटर मार्ग का लोकार्पण।
शिलान्यास: जयहरीखाल के अंतर्गत 70.75 लाख की लागत के तसीला लिंक मोटर मार्ग के सुधारीकरण और गेरूवा से गुजरखंड मलाणा तक 93.17 लाख की लागत से बनने वाले मोटर मार्ग के द्वितीय चरण (स्टेज-1) का शिलान्यास।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपने विकासखंड पोखड़ा स्थित सेड़ियाखाल निवास पर मुख्यमंत्री कोष से लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए तथा एबीवीपी के युवाओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर पोखड़ा मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र दर्शन, महिपाल नेगी, सुयश रावत, प्रभूरंजन बुड़ाकोटी, ब्लॉक प्रमुख संजय गुसाईं, बलवंत सिंह नेगी, एसडीएम रेखा आर्य सहित तमाम विभागीय अधिकारी और क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।