विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो)। राजकीय पॉलीटेक्निक श्रीनगर गढ़वाल में “सेवा संकल्प अभियान-2026” के अंतर्गत एक विशाल रक्तदान शिविर तथा चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में संस्थान के लगभग 492 छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के भीतर सामाजिक सेवा, मानवता, स्वैच्छिक रक्तदान और जन-जागरूकता की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के प्रधानाचार्य श्री एस.के. वर्मा द्वारा की गई। मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का एक ऐसा कार्य है, जिसके माध्यम से हम किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में प्रत्यक्ष योगदान देते हैं। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत युवाओं द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा की।198 छात्र-छात्राओं ने किया रक्तदान, वीरा फाउंडेशन का रहा सहयोगआयोजित रक्तदान शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं में भारी उत्साह देखने को मिला और लगभग 198 विद्यार्थियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। इस रक्तदान शिविर को सफल बनाने में वीरा फाउंडेशन का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। विद्यार्थियों ने पूरी जिम्मेदारी के साथ इस महायज्ञ में हिस्सा लेकर समाज के प्रति अपनी संवेदनशीलता का परिचय दिया।चित्रकला और पोस्टर प्रतियोगिता में चमके युवा कलाकारअभियान के तहत आयोजित चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिता में 67 छात्र-छात्राओं ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने सामाजिक जागरूकता, सेवा की कहानी, ‘विकसित भारत 2047’, ‘विकसित उत्तराखंड 2047’, मानवता, रक्तदान, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता जैसे गंभीर विषयों पर सुंदर चित्र और पोस्टर बनाए। इन कलाकृतियों के माध्यम से समाज को सेवा और सकारात्मक परिवर्तन का सशक्त संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान संस्थान के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं प्रवक्तागण उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से डॉ. भारती विश्वकर्मा, विनोद डोभाल, श्रीमती आरती कुंवर, गोपाल बुटोला, उपेंद्र भट्ट, विजेंद्र ममगाईं, राहुल शर्मा, रीना नवानी, भूपेंद्र राणा, अनिल शाह, हर्षवर्धन शर्मा, आनंद जगूरी, सरिता नौटियाल, श्रीमती रचना और शिल्पी सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
सभी ने मिलकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन संस्थान के अंग्रेजी प्रवक्ता अनिल शाह द्वारा किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में रक्तदान के महत्व और युवा शक्ति की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को हमेशा समाजहित के कार्यों में आगे रहने के लिए प्रेरित किया।