विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
देवप्रयाग(ब्यूरो)। विधानसभा क्षेत्र देवप्रयाग के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत तोली–चपौली से ग्वालना नगर मोटर मार्ग (स्टेज-I एवं II) तथा इसके पंचवर्षीय अनुरक्षण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनने वाले इस महत्वाकांक्षी मोटर मार्ग की कुल लंबाई 12.750 किलोमीटर है। इस महत्वपूर्ण सड़क के निर्माण एवं पांच वर्षों के अनुरक्षण कार्य के लिए शासन स्तर पर ₹1668.45 लाख (लगभग ₹16.68 करोड़) की भारी-भरकम लागत स्वीकृत की गई है। इस मार्ग के बन जाने से क्षेत्र के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को आवागमन की बेहद सुगम और आधुनिक सड़क सुविधा प्राप्त होगी, जिससे स्थानीय लोगों का जीवन स्तर और अधिक सुलभ हो सकेगा।
इस बहुप्रतीक्षित मोटर मार्ग निर्माण कार्य का शिलान्यास क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक श्री विनोद कंडारी के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र के तमाम गणमान्य जनप्रतिनिधि और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से ब्लॉक प्रमुख हिंडोलाखाल विनोद बिष्ट, मंडल अध्यक्ष नरेन्द्र रावत, जिला उपाध्यक्ष प्रमोद चंद सहित क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
क्षेत्रवासियों ने इस बड़ी सौगात मिलने पर गहरा हर्ष व्यक्त किया है और सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा क्षेत्रीय विधायक विनोद कंडारी का हृदय से आभार जताया है।