अजय, सत्य की गूंज
देहरादून(ब्यूरो)। प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के अंतर्गत शिलाई के पश्मी गांव पहुँचे, जहाँ उन्होंने न्याय के देवता छत्रधारी चालदा महासू महाराज के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और देश-प्रदेश की सुख-शांति व समृद्धि की प्रार्थना की।
इससे पूर्व हनोल मंदिर (महासू देवता मंदिर) में रविवार को पूजा-अर्चना कर दो दिवसीय पारंपरिक और धार्मिक जांगड़ा (देवनायणी) राजकीय मेला पर्व का शुभारंभ किया गया था। इसके बाद सोमवार को मंत्री सतपाल महाराज हिमाचल के सिरमौर स्थित पश्मी गांव पहुँचे और महासू महाराज का आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब समाज के सामने विभिन्न चुनौतियां हैं, महासू महाराज की कृपा से देश प्रगति के पथ पर आगे बढ़े और समाज में शांति बनी रहे।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि छत्रधारी चालदा महासू महाराज की यह ऐतिहासिक प्रवास यात्रा उत्तराखंड के दसऊ गांव से शुरू होकर टौंस नदी पार कर लगभग 70 किलोमीटर की 6 दिवसीय कठिन पैदल यात्रा के बाद पश्मी गांव पहुँची है। पश्मी गांव में लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित भव्य मंदिर में महाराज विधिवत रूप से विराजमान हुए हैं, जहाँ वे परंपरा के अनुसार आगामी एक वर्ष तक प्रवास करेंगे।
श्री महाराज ने कहा कि महासू महाराज उत्तराखंड के जौनसार-बावर और हिमाचल के ट्रांस-गिरी क्षेत्र के लाखों लोगों के आराध्य और कुलदेवता हैं, जिन्हें न्याय का देवता माना जाता है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के परिवहन मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके आग्रह पर हनोल के लिए विशेष बसों की व्यवस्था की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में सहूलियत मिल रही है।
मंत्री ने कहा कि महासू महाराज का पश्मी आगमन पूरे क्षेत्र के लिए परम सौभाग्य का विषय है। राज्य सरकार ऐसे पौराणिक और सांस्कृतिक केंद्रों को पर्यटन मानचित्र पर प्रमुखता से विकसित कर रही है, जिससे धार्मिक आस्था को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ क्षेत्रीय पर्यटन को भी नई गति मिल रही है।
पश्मी मंदिर पहुँचने पर मंदिर समिति और स्थानीय श्रद्धालुओं द्वारा ढोल-दमाऊं की थाप और पुष्पवर्षा के साथ कैबिनेट मंत्री का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में आयोजित भंडारे और व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। इस अवसर पर महासू मंदिर समिति के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में दूर-दराज से आए श्रद्धालु उपस्थित रहे।