विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो)। राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व बेहद हर्षोल्लास और देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ सर्जन डॉ. एम.एन. गैरोला रहे।
उन्होंने प्राचार्य डॉ. सी.एम.एस. रावत एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए.एन. पांडेय की गरिमामयी उपस्थिति में ध्वजारोहण किया। इस दौरान गूंजे राष्ट्रगान की धुनों से पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।
मानव सेवा को सर्वोपरि रखने का संदेशइस अवसर पर उपस्थित चिकित्सकों, मेडिकल स्टाफ, विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों और राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान देने वाले महापुरुषों को नमन किया। कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत किए गए देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और वक्ताओं के प्रेरक संबोधनों ने समारोह में चार चांद लगा दिए।
मुख्य अतिथि वरिष्ठ सर्जन डॉ. एम.एन. गैरोला ने अपने लंबे अनुभवों को साझा करते हुए युवा चिकित्सकों और मेडिकल छात्रों को संदेश दिया कि वे चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि चिकित्सक का पेशा केवल एक व्यवसाय नहीं, बल्कि मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है।दायित्वों का पूरी ईमानदारी से हो निर्वहन: प्राचार्य डॉ. रावतप्राचार्य डॉ. सी.एम.एस. रावत ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की प्रगति में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की अहम भूमिका होती है।
उन्होंने कॉलेज परिवार के सभी सदस्यों से अपने-अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।समारोह के अंत में समस्त कॉलेज परिवार ने देश की एकता, अखंडता और जनसेवा के संकल्प के साथ इस राष्ट्रीय पर्व का समापन किया।