विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
देवप्रयाग / टिहरी गढ़वाल। क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। टिहरी गढ़वाल के राजकीय महाविद्यालय, तेगड़ (लोलड़ी बडियार) को शैक्षणिक सत्र 2026-27 से बी.ए. (कला संकाय) पाठ्यक्रम के संचालन के लिए नवीन अस्थायी संबद्धता प्रदान कर दी गई है। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं राज्यपाल द्वारा इस स्वीकृति के प्रदान किए जाने से अब स्थानीय युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए अपने ही क्षेत्र में बेहतर और सुलभ अवसर मिल सकेंगे।
महाविद्यालय में बी.ए. पाठ्यक्रम के अंतर्गत मुख्य रूप से निम्नलिखित पांच विषयों का संचालन किया जाएगा:
हिंदी, अर्थशास्त्र, भूगोल, इतिहास, राजनीति विज्ञान इन सभी विषयों में 60-60 सीटों की प्रवेश क्षमता निर्धारित की गई है, जिससे बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं को प्रवेश मिल सकेगा।
स्थानीय क्षेत्रवासियों का मानना है कि महाविद्यालय में बी.ए. कक्षाओं के संचालन का मार्ग प्रशस्त होने से दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा पाने के लिए अब लंबी दूरियां तय कर बाहर नहीं जाना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के द्वार खुलने से छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में भारी खुशी की लहर दौड़ पड़ी है। क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में यह एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा।