विजय बहुगुणा
पौड़ी गढ़वाल(ब्यूरो)। उत्तराखंड सरकार द्वारा संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ थीम के तहत 15 दिवसीय ‘सेवा पखवाड़ा’ अभियान के अंतर्गत चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और स्थानीय विधायक सतपाल महाराज ने अपने क्षेत्र भ्रमण के दौरान शनिवार को विभिन्न शक्ति केंद्रों पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और व्यापक जनसंपर्क कर स्थानीय जनता की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए करोड़ों रुपए की विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान विकासखंड पाबौ के अंतर्गत ग्राम ऋषि और झंगरबौ में महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की सौगात दी:
ग्राम ऋषि में ₹148.36 लाख की धनराशि से पाबौ-पिनानी-दमदेवल मोटर मार्ग (किमी 16, 17 व 18) में डामरीकरण कार्य तथा ₹123.30 लाख की लागत से पाबौ-दमदेवल मोटर मार्ग (किमी 32 एवं 33) में सुधारीकरण व डामरीकरण कार्य का शिलान्यास किया
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत ₹1583.78 लाख (लगभग 15.83 करोड़ रुपए) की भारी भरकम धनराशि से बनने वाले झगरबौ-सिवाल-पल्ली गांव मोटर मार्ग का विधि-विधान से शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया।
इसके साथ ही उन्होंने ₹10 लाख की लागत से ग्राम झंगरबौ में नवनिर्मित पंचायत भवन का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया।
राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिनानी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने सरकार के विज़न को साझा किया। उन्होंने कहा:”हमारा उद्देश्य ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ के संकल्प के तहत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाना है। हमारी सरकार वर्ष 2035 तक उत्तराखंड को देश का एक अग्रणी और विकसित राज्य बनाने के बड़े लक्ष्य पर पूरी गंभीरता से काम कर रही है।”शक्ति केंद्रों पर कार्यकर्ताओं और जनता से सीधा संवाद’सेवा पखवाड़ा’ और ‘सशक्त मंडल, सशक्त संगठन’ अभियान के तहत प्रभारी मंत्री ने पिनानी, घुडदौणस्यू, कोटा, पंचूर, मनकोट और पाटीसैण शक्ति केंद्रों का दौरा किया। यहाँ उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं में ऊर्जा फूंकने के साथ-साथ आम जनता से सीधा संवाद किया और मौके पर ही अधिकारियों को जन-समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
इस विकासपरक और जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय पदाधिकारी एवं भारी संख्या में क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।