विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
पौड़ी गढ़वाल(ब्यूरो)। सरकारी दफ्तरों में कार्यसंस्कृति सुधारने और जनहित के मामलों में पारदर्शिता लाने के लिए प्रशासन ने सख्त तेवर अपना लिए हैं। बुधवार को गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने मंडल मुख्यालय पौड़ी स्थित कई महत्वपूर्ण विभागीय कार्यालयों का औचक (सरप्राइज) निरीक्षण किया। इस दौरान काम में लापरवाही और जनता की सुनवाई न होने पर आयुक्त ने गहरी नाराजगी जताते हुए दो विभागीय कार्मिकों के वेतन आहरण (सैलरी) पर तत्काल रोक लगाने के आदेश जारी कर दिए।
मंडलायुक्त ने आज संभागीय परिवहन कार्यालय (RTO), संयुक्त निदेशक उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग तथा अपर निदेशक कृषि कार्यालय का औचक रुख कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
🛑 कृषि विभाग में गाज: किसान की अनदेखी पर रुकी सैलरी
अपर निदेशक कृषि कार्यालय के निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त को गंभीर खामियां और लापरवाही देखने को मिलीं:
निरीक्षण के दौरान प्रधान सहायक दफ्तर से गायब मिले। इसी बीच वहां ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि’ से जुड़ी एक गंभीर समस्या लेकर पहुंचे एक बुजुर्ग किसान की सुनवाई न होने पर मण्डलायुक्त भड़क गए। उन्होंने जनता के प्रति इस संवेदनहीनता पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रधान सहायक तथा सहायक कृषि अधिकारी (वर्ग-1) के वेतन आहरण पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने पाया कि प्रभारी अपर निदेशक कृषि नियमित रूप से पौड़ी मुख्यालय स्थित कार्यालय में उपस्थित नहीं रहते हैं। इस पर उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि वे सप्ताह में कम से कम दो दिन इस कार्यालय में अनिवार्य रूप से बैठें। साथ ही नियमित उपस्थिति न होने के कारण विभागीय सरकारी वाहन और चालक को कृषि विभाग से हटाकर आयुक्त कार्यालय से संबद्ध करने के निर्देश दे दिए।
फसल बीमा योजना से संबंधित काफी पुराना और आउटडेटेड सूचना पट्ट (Notice Board) लगा पाए जाने पर उन्होंने इसे तत्काल अद्यतन (Update) करने को कहा।
🚗 RTO ऑफिस: चारधाम पार्किंग और हादसों की मांगी रिपोर्ट
संभागीय परिवहन कार्यालय (RTO) पहुंचे मण्डलायुक्त ने मुख्य द्वार पर तुरंत शिकायत पेटी (Complaint Box) स्थापित करने और अभिलेखों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने सीएम हेल्पलाइन के मामलों, चारधाम यात्रा मार्ग, नगर क्षेत्र और मुख्य रूप से धारी देवी क्षेत्र में पार्किंग प्रबंधन व चालान की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यात्रा पर आए श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को पार्किंग की वजह से कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए।
आयुक्त ने अधिकारियों से जुलाई 2025 से 15 जून 2026 तक हुई सभी सड़क दुर्घटनाओं का पूरा विवरण तलब किया है। साथ ही डुंगरी में बन रहे ‘ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक’ के निर्माण कार्य की प्रगति भी जांची और वहां लाइसेंस बनवाने आए आम नागरिकों से व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया।
🌱 उद्यान विभाग: कबाड़ की नीलामी और जनपदों का प्रोग्रेस चार्टसंयुक्त निदेशक उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के निरीक्षण में मण्डलायुक्त ने डाक और उपस्थिति पंजिका (Bio-metric Attendance) को चेक किया।उन्होंने दफ्तर में सूचना पट्ट लगाने, पुरानी फाइलों को करीने से बांधने और जर्जर भवन की मरम्मत का प्रस्ताव तत्काल निदेशालय भेजने के निर्देश दिए।
किसानों को दिए जा रहे बीज और पौधों के वितरण की जानकारी लेते हुए मण्डलायुक्त ने गढ़वाल मंडल के सभी जिलों की मासिक प्रगति रिपोर्ट (Monthly Progress Report) पेश करने को कहा। इसके अलावा कार्यालय में वर्षों से जमा कबाड़ और अनुपयोगी सामग्री की नियमानुसार नीलामी करने की हिदायत दी।
इस औचक कार्रवाई के दौरान संभागीय परिवहन अधिकारी (RTO) अरविंद पांडे, एआरटीओ एन.के. ओझा, उद्यान विभाग के प्रधान सहायक कुलदीप राणा, कृषि कार्यालय के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भास्करानंद नौटियाल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी सुमन नेगी तथा वैयक्तिक सहायक आयुक्त राजेश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
