विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
पौड़ी गढ़वाल(ब्यूरो) । जिला अस्पताल पौड़ी के शांत और संवेदनशील परिसर को स्टंट ट्रैकिंग ग्राउंड समझने वाले एक युवक को पौड़ी पुलिस ने कड़ा सबक सिखाया है। अस्पताल परिसर के भीतर तेज रफ्तार में बाइक दौड़ाने और हुड़दंग मचाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा था, जिससे तीमारदारों और मरीजों में रोष था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पौड़ी पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया और वीडियो के आधार पर आरोपी युवक को दबोच लिया। सार्वजनिक स्थान पर लापरवाही से वाहन चलाने और यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने स्टंट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (वाहन संख्या: UA12A -2713) को मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के तहत सीज कर दिया है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि चिकित्सा परिसरों और सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
