विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो)। हेमवती नंदन बहुगुणा बेस अस्पताल के ट्रेनिंग सेंटर में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना के निर्देश पर कौशल विकास, ओपीडी एवं आईपीडी सेवाओं के अंतर्गत “सामान्य शिष्टाचार” विषय पर आशा कार्यकर्तियों की एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य अस्पताल में आने वाले मरीजों एवं उनके तीमारदारों के साथ बेहतर व्यवहार तथा सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी को जन-जन तक पहुंचाना रहा।कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने कहा कि अस्पताल से जुड़े सभी कर्मचारियों का प्रयास होना चाहिए कि अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का शत-प्रतिशत उपयोग मरीजों के हित में किया जाए। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में आशा कार्यकर्तियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।कार्यशाला के दौरान आशा कार्यकर्तियों को बताया गया कि अस्पताल में आने वाले मरीजों तथा उनके परिजनों की समस्याओं को किस प्रकार समझना और उनका समाधान करना चाहिए। साथ ही यह भी जानकारी दी गई कि उनका व्यवहार मरीजों के प्रति संवेदनशील, सहयोगात्मक और सकारात्मक होना चाहिए, ताकि जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंच सके।इस अवसर पर अस्पताल की ओपीडी से संबंधित सभी विभागों, वहां उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाओं तथा विशेषज्ञ डॉक्टरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। आशा कार्यकर्तियों को यह भी बताया गया कि किस ओपीडी में कौन-कौन से चिकित्सक मरीजों को देखते हैं, जिससे वे मरीजों का सही मार्गदर्शन कर सकें।कार्यशाला में राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं जैसे आयुष्मान भारत योजना, जननी सुरक्षा योजना तथा मुख्यमंत्री ईजा बोई योजना के बारे में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले मरीजों एवं गर्भवती महिलाओं को सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए आशा कार्यकर्तियों को समुदाय में जागरूकता फैलाने हेतु प्रेरित किया गया।अस्पताल प्रशासन ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाओं का उद्देश्य सरकारी योजनाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आम जनमानस तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।
कार्यक्रम में अस्पताल के एमएस डॉ राकेश रावत, जनसंपर्क कार्यालय इंचार्ज अरुण बडोनी, जन संपर्क अधिकारी पंकज नौटियाल, डॉ. नरेश मिश्रा, सुरजीत झिंक्वाण, जतिन सिंह मौजूद थे।
