सत्य की गूंज, विजय बहुगुणा
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो)। बेस अस्पताल में मरीजों और उनके तीमारदारों की सुरक्षा तथा अस्पताल के शांतिपूर्ण वातावरण को बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पूर्व सैनिक पूरी मुस्तैदी और जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रहे हैं। सीमाओं पर देश सेवा का अनुभव रखने वाले ये पूर्व सैनिक अब स्वास्थ्य सेवाओं में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए अस्पताल परिसर को अनुशासित और सुरक्षित बनाए रखने में जुटे हैं। वहीं सीसीटीवी कैमरे से लगातार निगरानी चल रही है और वॉकी टॉकी से तुरंत सूचनाएं आदान-प्रदान होती है। अस्पताल प्रशासन द्वारा लगातार यह प्रयास किया जा रहा है कि मरीजों को उपचार के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और अस्पताल का वातावरण शांत एवं व्यवस्थित बना रहे। इसी क्रम में विगत रात्रि बेस अस्पताल के सर्जरी वार्ड में भर्ती एक मरीज के साथ आए दो तीमारदार शराब के नशे में अस्पताल पहुंचे और वार्ड में शोर-शराबा करने लगे। उनके व्यवहार से मरीजों और अन्य तीमारदारों को परेशानी होने लगी।स्थिति को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों व्यक्तियों को रोका और पूछताछ की। जांच के दौरान एक व्यक्ति की जेब से शराब का पव्वा भी बरामद हुआ। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने सख्ती दिखाते हुए दोनों शराबियों को अस्पताल परिसर से बाहर कर दिया। सुरक्षा कर्मियों की तत्परता से अस्पताल में किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हो सकी और वार्ड का माहौल जल्द सामान्य कर दिया गया।
बेस अस्पताल के सुरक्षा निरीक्षक वीरेंद्र कुंवर एवं राजेन्द्र प्रसाद भट्ट ने बताया कि अस्पताल परिसर में अनुशासन भंग करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि सर्जरी वार्ड में भर्ती मरीज के साथ आए दो लोगों के शराब के नशे में पाए जाने पर सुरक्षा कर्मी पूर्व सैनिक विशाल सिंह, युद्धवीर सिंह तत्परता दिखाते हुए उन्हें अस्पताल से बाहर कर दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में शराब पीकर आने वाले या माहौल खराब करने वाले लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा कर्मियों को नियमित रूप से अस्पताल परिसर में निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि मरीजों को शांतिपूर्ण वातावरण में उपचार मिल सके। सीसीटीवी कैमरा इंचार्ज शिव दर्शन नेगी भी कैमरों की मदद से सर्तकता बनाए हुए हैं। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता और जिम्मेदार कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि अस्पताल में मरीजों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को अनुशासन और मर्यादा का पालन करना चाहिए, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। मरीजों की सुरक्षा और अस्पताल के अनुशासित वातावरण को बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा रहा है। पूर्व सैनिकों की सक्रियता और सतर्कता से अस्पताल परिसर में सकारात्मक माहौल बना हुआ है तथा मरीजों और उनके परिजनों को सुरक्षित वातावरण मिल रहा है।