"ब्रह्मकमल टोपी और पहाड़ी बोली... जब दिल्ली-दून एक्सप्रेस-वे के मंच से पीएम मोदी ने फिर जताया अपना उत्तराखंड प्रेम।
अजय, सत्य की गूंज
देहरादून(ब्यूरो) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उत्तराखंड उनके दिल के कितना करीब है। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे के भव्य उद्घाटन समारोह में पीएम मोदी ने न केवल विकास की सौगात दी, बल्कि अपनी वेशभूषा, बोली और व्यवहार से जबरदस्त ‘लोकल कनेक्ट’ भी स्थापित किया।
प्रधानमंत्री जब मंच पर आए, तो उनके सिर पर उत्तराखंड की शान ‘ब्रह्मकमल टोपी’ सुशोभित थी। उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत किसी औपचारिक भाषा के बजाय पहाड़ के अपनेपन के साथ की। भाषण में ‘भुला-भुलियों’ (भाई-बहनों), ‘सयाणा’ (बुजुर्ग), ‘आमा’ और ‘बाबा’ जैसे शब्दों का प्रयोग कर उन्होंने सीधे जनमानस से संवाद किया।
पीएम मोदी ने विकास को विरासत से जोड़ते हुए कई धार्मिक प्रतीकों का उल्लेख किया उन्होंने विशेष रूप से कहा कि देहरादून पर मां डाटकाली की असीम कृपा है और हरिद्वार कुंभ, नंदा राजजात से लेकर पंच बदरी, पंच केदार और पंच प्रयाग का जिक्र कर उन्होंने पूरे उत्तराखंड की आस्था को नमन किया। समारोह के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बीच की मजबूत बॉन्डिंग चर्चा का विषय रही। पीएम ने मुख्यमंत्री धामी को ‘लोकप्रिय, कर्मठ और युवा मुख्यमंत्री’ कहकर संबोधित किया।
कार्यक्रम के दौरान मंच पर दोनों नेताओं के बीच लंबी चर्चा होती दिखी, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि केंद्र और राज्य के बीच विकास को लेकर बेहतर तालमेल है।
कार्यक्रम समारोह में दिग्गजों में राज्यपाल ले.ज (से.नि) गुरमीत सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, अजय टम्टा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी भूषण, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, डॉ. निशंक, तीरथ सिंह रावत और विजय बहुगुणा ओर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, सीएम योगी आदित्यनाथ और दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता वर्चुअली जुड़ीं। उत्तराखंड और केंद्र के कई दिग्गज नेता शामिल हुए ।