विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
पौड़ी गढ़वाल(ब्यूरो)। उत्तराखंड सरकार द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश भर में 15 दिवसीय ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ (सेवा पखवाड़ा) के द्वितीय चरण का आगाज हो चुका है। इसी कड़ी में अपने विधानसभा क्षेत्र भ्रमण के दूसरे दिन रविवार को प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने एकेश्वर विकासखंड का तूफानी दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं में ऊर्जा फूंकने के साथ-साथ क्षेत्र को लाखों रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात दी।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने एकेश्वर विकासखंड के अंतर्गत क्षेत्रीय जनता की सहूलियत के लिए महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का शिलान्यास किया:
मोटर मार्ग का शिलान्यास: ₹55 लाख की धनराशि से बनने वाले मज्याडी से गोची गांव-पिलखेत मोटर मार्ग (लंबाई 1.8 किमी, द्वितीय चरण स्टेज-I) का शिलान्यास किया, जिससे ग्रामीण कनेक्टिविटी मजबूत होगी। विकासखंड मुख्यालय में ₹20 लाख की धनराशि से बनने वाले आधुनिक टाइप-2 आवासीय भवन के नवनिर्माण कार्य का भूमि पूजन व शिलान्यास किया।
सतपाल महाराजविभिन्न शक्ति केंद्रों पर आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने सरकार के संकल्पों को दोहराया। “मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में पूरे प्रदेश और चौबट्टाखाल क्षेत्र का विकास तेज गति से हो रहा है। हमारे क्षेत्र में बन रही सतपुली एवं स्यूंसी झील जैसी बड़ी परियोजनाएं आने वाले समय में पूरे चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के लिए वरदान साबित होंगी। सड़कों के जाल बिछाने का काम युद्धस्तर पर जारी है और रिकॉर्ड संख्या में बन रहे पंचायत भवनों से हमारी ग्राम पंचायतें प्रशासनिक रूप से सशक्त हो रही हैं।”शक्ति केंद्रों पर जनसंपर्क और कार्यकर्ताओं संग बैठक’सशक्त मंडल, सशक्त संगठन’ अभियान के तहत कैबिनेट मंत्री ने मज्याडी, अमुली ग्वाडमल्ला और पणखेत आदि स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलनों में प्रतिभाग किया। उन्होंने स्थानीय जनता की समस्याओं को बेहद करीब से सुना और मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों को उनके त्वरित व प्रभावी निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।
इस दौरान भाजपा युवा नेता सुयश रावत, जिलाध्यक्ष कमल किशोर, जिला मंत्री बृजमोहन, मण्डल अध्यक्ष राकेश नैथानी, महामंत्री सुनील, वेद प्रकाश वर्मा, पूर्व प्रमुख नरेन्द्र डंडरियाल, विधायक प्रतिनिधि देवेन्द्र भट्ट, युवा मोर्चा महामंत्री पंकज, पूर्व प्रधान जगदम्बा, रमेश डंडरियाल, शक्ति केन्द्र संयोजक जयपाल, बूथ अध्यक्ष सुखदेव सिंह, दीपक डंडरियाल, सोशल मीडिया प्रभारी दीपक ग्वाडी, हरवेन्द्र सिंह और पूर्व प्रधान देवेश सुन्द्रीयाल सहित भारी संख्या में विभिन्न विभागों के अधिकारी और क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।