देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने राज्यपाल से की भेंट, 'भारत दर्शन कार्यक्रम' को लेकर हुई चर्चा
विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
देहरादून/देवप्रयाग(ब्यूरो)। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनोद कंडारी ने आज उत्तराखंड के महामहिम राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) से राजभवन में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों के लिए अपनी व्यक्तिगत पहल पर शुरू किए जा रहे “भारत दर्शन कार्यक्रम” के संबंध में महामहिम को विस्तार से अवगत कराया।
मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने विधायक की इस अनूठी पहल की भूरी-भरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि देश के विविध स्वरूप, समृद्ध संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत का प्रत्यक्ष अनुभव विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में मील का पत्थर साबित होगा और उनके दृष्टिकोण में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन लाएगा।
विधायक विनोद कंडारी ने आगामी भारत दर्शन कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व मेधावी विद्यार्थियों के दल को राजभवन में लाकर महामहिम का आशीर्वाद प्राप्त करने का अनुरोध किया था। महामहिम राज्यपाल ने अत्यंत स्नेह और उदारता का परिचय देते हुए इस प्रस्ताव पर अपनी सकारात्मक सहमति प्रदान की है। साथ ही, उन्होंने कार्यक्रम की सफलता और सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
इस मुलाकात के बाद से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है, और यह पहल युवाओं के शैक्षणिक व व्यावहारिक विकास की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।