विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो) । उत्तराखंड कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनावों और सांगठनिक मजबूती के लिए अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। ‘गढ़वाल भ्रमण एवं कार्यकर्ता संवाद’ कार्यक्रम के तहत कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने श्रीनगर पहुंचकर कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद किया। इस दौरान भारी संख्या में जुटे कांग्रेसियों ने प्रदेश प्रभारी और अन्य वरिष्ठ नेताओं का भव्य स्वागत किया।
प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा की अध्यक्षता में जिला कांग्रेस कमेटी पौड़ी के कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में वर्तमान सामाजिक, राजनीतिक और सांगठनिक विषयों पर विस्तार से मंथन किया गया।
कुमारी शैलजा ने कहा कि यह संवाद केवल एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाने और जनता के असल मुद्दों को समझने का एक प्रभावी जरिया है। उन्होंने संगठन को और अधिक गतिशील बनाने के लिए ‘रूट लेवल’ पर काम करने के निर्देश दिए।
श्रीनगर में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस के लगभग सभी शीर्ष नेता एक मंच पर नजर आए, जिससे पार्टी की एकजुटता का संदेश भी गया। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और सरकार की विफलताओं को जनता तक ले जाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, संगठन महामंत्री राजेंद्र भंडारी, जिलाध्यक्ष विनोद नेगी सहित सुंदर लाल मुयाल, कविंदर इष्टवाल, राजपाल बिष्ट, पूर्व मेयर प्रत्याशी मीना रावत, महानगर अध्यक्ष सूरज घिडियाल और पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सुधांशु थपलियाल जैसे अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और पार्षद मौजूद रहे।