सत्य की गूंज
हरिद्वार(ब्यूरो)। आगामी 30 जुलाई से शुरू होने जा रही विश्व प्रसिद्ध पावन कांवड़ यात्रा-2026 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कांवड़ यात्रा से जुड़े सभी संबंधित विभागों के आला अधिकारियों के साथ एक हाई-लेवल समीक्षा बैठक की। बैठक में डीएम ने साफ शब्दों में कहा कि करोड़ों शिवभक्तों की सुरक्षा और सुगमता राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए तैयारियों में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
25 जुलाई तक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का ‘अल्टीमेटम’जिलाधिकारी ने सभी महकमों को जवाबदेही तय करते हुए कड़े निर्देश दिए कि 25 जुलाई 2026 तक हर हाल में धरातल पर सभी मूलभूत सुविधाएं और व्यवस्थाएं चाक-चौबंद हो जानी चाहिए।
कांवड़ पटरी मार्ग पर निर्बाध बिजली सप्लाई सुनिश्चित की जाए। डीएम ने सख्त लहजे में कहा कि जहां भी बिजली के तार झूल रहे हैं, उन्हें तत्काल दुरुस्त किया जाए ताकि किसी भी तरह के हादसे की आशंका न रहे।
प्रभावी ट्रैफिक मैनेजमेंट और भीड़ नियंत्रण के लिए अभी से खाका तैयार करें। कांवड़ पटरी मार्ग पर लगे विद्युत पोलों के ठीक नीचे किसी भी तरह के फड़ या अस्थायी स्टॉल लगाने की अनुमति बिल्कुल न दी जाए और इसकी नियमित मॉनिटरिंग हो।
सिंचाई विभाग को कांवड़ पटरी की क्षतिग्रस्त सड़कों का पैच वर्क और मरम्मत कार्य प्राथमिकता पर पूरा करने को कहा गया। वन विभाग को मार्ग में बाधा बन रहे पेड़ों की लॉपिंग (शाखाओं की छंटाई) की अनुमति समय से देने के निर्देश दिए गए।
यात्रा मार्ग पर स्थापित होने वाले मेडिकल कैंपों में पर्याप्त मात्रा में दवाइयां, जीवनरक्षक उपकरण, डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती एडवांस में सुनिश्चित की जाए।
जल संस्थान को पूरे रूट पर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था समय से करने और जिला पंचायत को झाड़ियों की कटाई, सार्वजनिक शौचालयों व स्नानगृहों की मरम्मत और 24 घंटे साफ-सफाई रखने की हिदायत दी गई।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि कांवड़ यात्रा एक विशाल आयोजन है, जिसमें नगर निगम, जिला पंचायत और पुलिस सहित सभी विभागों को एक टीम की तरह ‘आपसी समन्वय’ (Coordination) के साथ काम करना होगा, ताकि देवभूमि आने वाले शिवभक्तों को एक सुखद और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिल सके।
इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता, परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल, अधिशासी अभियंता (विद्युत) दीपक सैनी, जिला शिक्षा अधिकारी अमित चंद, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद चंद पांडे सहित अन्य विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।