विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
देहरादून/देवप्रयाग(ब्यूरो) । देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के विधायक और प्राक्कलन समिति के सभापति विनोद कण्डारी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर आंगनबाड़ी और आशा कार्यकत्रियों की ज्वलंत समस्याओं के निराकरण का अनुरोध किया है। विधायक ने कार्यकत्रियों के मानदेय में वृद्धि और उनके हितों के संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
मुख्यमंत्री को भेजे गए पहले पत्र में विधायक कण्डारी ने ब्लॉक देवप्रयाग (हिण्डोलाखाल) की आंगनबाड़ी कार्यकत्री संगठन की ब्लॉक अध्यक्ष श्रीमती रेखा रौथाण द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र का हवाला दिया है। पत्र में प्रमुख रूप से दो मांगों का जिक्र किया गया है:
मानदेय में बढ़ोत्तरी: राज्य सरकार द्वारा मानदेय में 140 रुपये प्रतिदिन की वृद्धि की जाए। साथ ही, केंद्र सरकार को 150 रुपये प्रतिदिन की वृद्धि का प्रस्ताव भेजने का भी आग्रह किया गया है।
कटौती पर रोक: सेवानिवृत्ति के समय मिलने वाली धनराशि के संबंध में स्पष्ट जी.ओ. (शासनादेश) होने तक खाते से की जा रही 300 रुपये की कटौती को रोकने की मांग की गई है।
एक अन्य पत्र में विधायक विनोद कण्डारी ने देवप्रयाग ब्लॉक की आशा कार्यकत्रियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि जनहित और स्वास्थ्य सेवाओं में आशा कार्यकत्रियों के महत्वपूर्ण योगदान को देखते हुए उन्हें निश्चित मानदेय प्रदान किया जाए और उनके नियमितीकरण की प्रक्रिया पर विचार किया जाए।
विधायक कण्डारी ने पत्रों के माध्यम से मुख्यमंत्री से विनम्र आग्रह किया है कि इन मांगों के संबंध में संबंधित विभागों को निर्देशित करने की कृपा करें, ताकि लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रही इन महिला कर्मचारियों को राहत मिल सके।